हर की पैड़ी की पहचान बनी आवाज हमेशा के लिए खामोश, ‘भंडारा कर दो बाबूजी’ वाले रमाशंकर गुप्ता का निधन
देहरादून: हरिद्वार की हर की पैड़ी पर वर्षों तक श्रद्धालुओं को “भंडारा कर दो बाबूजी…” कहकर भंडारा कराने की अपील करने वाले और सोशल मीडिया पर ‘भंडारा किंग’ के नाम से मशहूर रमाशंकर गुप्ता का निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद हरिद्वार के स्थानीय व्यापारियों, सेवादारों और उन्हें करीब से जानने वालों में शोक की लहर है।
रमाशंकर गुप्ता अपनी खास शैली और भावुक अपील के कारण हर की पैड़ी और शिवसेतु क्षेत्र की पहचान बन चुके थे। उनकी आवाज सुनकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जरूरतमंदों के लिए भंडारा कराने को आगे आते थे। सोशल मीडिया पर उनके वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें देशभर में पहचान मिली थी।
हरदोई से हरिद्वार तक का सफर
जानकारी के अनुसार, रमाशंकर गुप्ता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के निवासी थे। कई वर्ष पहले वे हरिद्वार आए और यहीं अपना ठिकाना बना लिया। शुरुआती दिनों में उन्होंने हर की पैड़ी के आसपास छोटे-मोटे काम किए। बाद में आसपास के ढाबों और भोजनालयों से भोजन उपलब्ध कराकर जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं तक पहुंचाने का कार्य करने लगे। इसी से होने वाली आमदनी से उनका जीवनयापन चलता था।
‘भंडारा किंग’ के नाम से मिली पहचान
रोजाना शिवसेतु पर बैठकर वे श्रद्धालुओं से गरीबों और साधु-संतों के लिए भंडारा कराने की अपील करते थे। उनकी अनोखी आवाज और अंदाज धीरे-धीरे हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं के बीच बेहद लोकप्रिय हो गया। बाद में एक सोशल मीडिया क्रिएटर द्वारा बनाया गया उनका वीडियो वायरल हुआ और वे ‘भंडारा किंग’ के नाम से देशभर में चर्चित हो गए।
वीडियो वायरल होने के बाद दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु भी उनसे मिलने रुकते थे और अपनी श्रद्धा के अनुसार भंडारे के लिए सहयोग करते थे। हाल के दिनों में कुछ सोशल मीडिया क्रिएटर्स उन्हें अपने प्रोजेक्ट्स में भी शामिल कर चुके थे।
निधन को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
रमाशंकर गुप्ता का निधन हरिद्वार में हुआ या उनके पैतृक जिले में, इसे लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हर की पैड़ी चौकी पुलिस का कहना है कि फिलहाल इस संबंध में कोई औपचारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि, उनके निधन की खबर से हरिद्वार में उन्हें जानने वाले लोगों के बीच गहरा दुख है।
