मंदिर में 4 साल के मासूम को छोड़कर चली गई मां, CCTV ने खोला राज; 3 घंटे बाद पहुंचे पिता और बाबा
निचलौल: उत्तर प्रदेश के निचलौल क्षेत्र स्थित इटहिया के पंचमुखी शिव मंदिर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला अपने चार वर्षीय बेटे को मंदिर परिसर में छोड़कर चली गई। कुछ देर बाद जब बच्चा अकेला रोने लगा तो मंदिर प्रबंधन को मामले की जानकारी हुई। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर महिला की पहचान की गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, नेपाल के नवलपरासी जिले के गंगापुर फेनहरवा निवासी प्रतिमा उर्फ साबरा अपने चार वर्षीय बेटे आरव के साथ मंदिर पहुंची थी। वह कुछ समय तक मंदिर परिसर में बैठी रही और फिर बच्चे को वहीं छोड़कर चुपचाप चली गई।
रोते हुए बच्चे को पुजारी ने संभाला
काफी देर तक मां के वापस नहीं लौटने पर मासूम रोने लगा। मंदिर के पुजारी ने बच्चे को शांत कराया और इसकी सूचना मंदिर प्रबंधन को दी। इसके बाद बच्चे के परिजनों का पता लगाने की कोशिश शुरू की गई। इसी दौरान मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई, जिसमें महिला बच्चे को छोड़कर जाते हुए साफ दिखाई दी।
तीन घंटे बाद पहुंचे पिता और दादा
घटना के करीब तीन घंटे बाद बच्चे के पिता बसंत साहनी और उसके दादा मंदिर पहुंचे। उन्होंने बच्चे की पहचान की और उसे अपने साथ घर ले गए।
छह जून से घर से लापता थी महिला
बच्चे के पिता ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2018 में प्रतिमा उर्फ साबरा से हुई थी और उनके दो बेटे हैं। उन्होंने बताया कि वह रोजी-रोटी के लिए बाहर काम करते हैं। उनके अनुसार, उनकी पत्नी छह जून को छोटे बेटे आरव को लेकर घर से चली गई थी। तब से परिवार उसकी तलाश कर रहा था, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया था।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस के अनुसार, मंदिर में बच्चे को छोड़ने की सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
