दिल्ली

दिल्ली-एनसीआर को गर्मी से राहत के संकेत, 5 जून तक बारिश और तेज हवाओं का अनुमान, फिर बढ़ेगा तापमान

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और आसपास के एनसीआर क्षेत्रों में भीषण गर्मी से फिलहाल राहत मिलने के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी दोपहर बाद या शाम के समय कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके चलते तापमान में आई गिरावट बनी रहने की संभावना है और लोगों को तपन भरी गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दिन का अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है, जबकि शाम या रात के समय कुछ स्थानों पर बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

बूंदाबांदी और हवाओं से मिलेगी राहत

नौतपा के अंतिम चरण में एक बार फिर गर्मी का असर बढ़ने लगा था। हालांकि 28 मई से हुई हल्की बारिश और बूंदाबांदी ने लोगों को कुछ राहत पहुंचाई थी। इसके बाद तापमान में दोबारा बढ़ोतरी दर्ज होने से उमस और गर्मी का प्रभाव महसूस किया जाने लगा। सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बीते एक सप्ताह के दौरान दिन और रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई है। बढ़ती गर्मी और उमस का असर जनजीवन पर भी दिखाई देने लगा है। बाजारों में लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम रही, जबकि दिनभर उमस भरे मौसम के कारण लोग पसीने से परेशान नजर आए। सार्वजनिक पार्कों और खुले स्थानों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली।

3 से 5 जून तक बारिश और तेज हवाओं का दौर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 3 जून से 5 जून के बीच दिल्ली-एनसीआर में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम में यह बदलाव तापमान को नियंत्रित रखने में मदद कर सकता है और गर्मी से अस्थायी राहत मिल सकती है।

6 जून से फिर बढ़ सकती है गर्मी

मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 6 जून के बाद मौसम साफ होने के साथ तापमान में दोबारा बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में लू चलने की आशंका भी व्यक्त की गई है।

हवा की गुणवत्ता फिलहाल संतोषजनक

दिल्ली में मंगलवार सुबह 9 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 99 दर्ज किया गया, जिसे संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है। एनसीआर के अन्य शहरों में भी हवा की गुणवत्ता मध्यम से संतोषजनक श्रेणी में बनी हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि निकट भविष्य में वायु गुणवत्ता में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।