मध्य प्रदेश

ट्विशा शर्मा डेथ केस में बड़ा एक्शन, आरोपी पति समर्थ सिंह का वकालत लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित

भोपाल: चर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस में आरोपी पति और अधिवक्ता समर्थ सिंह के खिलाफ बड़ा प्रशासनिक और कानूनी कदम उठाया गया है। बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने समर्थ सिंह का वकालत का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद अब समर्थ सिंह देश के किसी भी न्यायालय, अधिकरण या कानूनी मंच पर न तो पेश हो सकेंगे और न ही किसी मामले में पैरवी कर पाएंगे।

बार काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान समर्थ सिंह किसी भी प्रकार का विधि व्यवसाय नहीं करेंगे। वह वकालतनामा दाखिल नहीं कर सकेंगे और खुद को अधिवक्ता के रूप में प्रस्तुत भी नहीं कर पाएंगे।

पत्नी की मौत के बाद दर्ज हुई थी एफआईआर

बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि यह मामला ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत से जुड़ा है, जिनकी शादी के कुछ ही महीनों बाद भोपाल स्थित ससुराल में मौत हो गई थी। मामले में समर्थ सिंह और अन्य लोगों के खिलाफ दहेज मृत्यु, क्रूरता और अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि समर्थ सिंह फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं और जांच एजेंसियों के साथ सहयोग नहीं कर रहे हैं।

‘विधिक पेशे की गरिमा बनाए रखना जरूरी’

बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने अपने आदेश में कहा कि आरोप बेहद गंभीर प्रकृति के हैं और इनका सीधा असर विधिक पेशे की गरिमा, अनुशासन और सार्वजनिक विश्वास पर पड़ता है। परिषद ने कहा कि एक अधिवक्ता केवल निजी व्यक्ति नहीं होता, बल्कि वह न्यायालय का अधिकारी और एक विनियमित पेशे का सदस्य भी होता है।

आदेश में कहा गया कि आरोपों की गंभीरता, आपराधिक प्रकरण दर्ज होने, मृतका के पति होने और आरोपी के कथित रूप से फरार रहने जैसी परिस्थितियों को देखते हुए तत्काल अंतरिम कार्रवाई आवश्यक थी।

अनुशासनात्मक समिति के सामने रखा जाएगा मामला

बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने स्पष्ट किया है कि इस मामले को जल्द ही सक्षम अनुशासनात्मक समिति और वैधानिक निकाय के समक्ष रखा जाएगा। वहां सुनवाई के बाद निलंबन को जारी रखने, संशोधित करने या निरस्त करने को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

यह मामला पिछले कई दिनों से राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में बना हुआ है और अब बार काउंसिल की कार्रवाई के बाद इस केस ने नया मोड़ ले लिया है।