उत्तर प्रदेश

भीषण गर्मी में यूपी में बिजली संकट गहराया, ओवरलोड से रोज फुंक रहे सैकड़ों ट्रांसफार्मर; मंत्री असीम अरुण ने सीएम योगी से की मुलाकात

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लगातार चल रही लू के बीच बिजली संकट ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। राजधानी लखनऊ से लेकर पूरे प्रदेश में बिजली आपूर्ति पर भारी दबाव देखा जा रहा है। बढ़ती मांग के चलते ट्रांसफार्मर ओवरलोड होकर फुंकने लगे हैं, जिससे कई इलाकों में अचानक बिजली गुल होने की घटनाएं बढ़ गई हैं।

स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि प्रदेश में औसतन हर दिन 700 से अधिक ट्रांसफार्मर फुंकने की जानकारी सामने आ रही है। इसके साथ ही एरियल बंच कंडक्टर (एबीसी) के जलने और लोकल फॉल्ट बढ़ने से भी बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है।

बिजली संकट पर सड़कों पर उतरे लोग

राजधानी लखनऊ में बिजली कटौती और लो-वोल्टेज से परेशान लोगों का गुस्सा कई इलाकों में फूट पड़ा। आरडीएसओ, राजाजीपुरम, एफसीआई, उतरेठिया, अहिबरनपुर, फैजुल्लागंज, दाऊदनगर, चौक, कमता और नादरगंज उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और कई जगह चक्काजाम जैसी स्थिति भी बनी रही।

कन्नौज की बिजली समस्या लेकर सीएम से मिले मंत्री

इसी बीच कैबिनेट मंत्री श्री असीम अरुण ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर अपने गृह जनपद कन्नौज में बिजली कटौती की गंभीर समस्या उठाई। उन्होंने मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर

भीषण गर्मी के चलते प्रदेश में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। दिन और रात के तापमान में ज्यादा अंतर न होने से खपत लगातार बनी हुई है। 18 मई को बिजली आपूर्ति 617.1 मिलियन यूनिट तक पहुंच गई, जो इस साल का एक बड़ा आंकड़ा है।

15 मई को अधिकतम मांग 27,032 मेगावाट थी, जो 18 मई तक बढ़कर 29,330 मेगावाट तक पहुंच गई। वहीं न्यूनतम मांग भी लगातार बढ़ते हुए 20,482 मेगावाट तक दर्ज की गई।

लखनऊ में सिस्टम पर दबाव, बढ़े फॉल्ट

लखनऊ में बिजली की मांग 1853 मेगावाट के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने से वितरण व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। इसका असर यह हुआ कि लोकल फॉल्ट, ट्रांसफार्मर फेल होने और लो-वोल्टेज की शिकायतें तेजी से बढ़ गई हैं।

ट्रांसफार्मर फेल होने के पीछे क्या कारण

विद्युत उपभोक्ता परिषद के अनुसार एरियल बंच कंडक्टर (एबीसी) के जलने से शॉर्ट सर्किट की स्थिति बन रही है, जिससे ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। वहीं अभियंता संगठनों का कहना है कि कई ट्रांसफार्मर अपनी निर्धारित आयु पूरी कर चुके हैं, जबकि कुछ में समय पर मरम्मत न होने से भी समस्या बढ़ रही है।

आगे और बढ़ सकता है संकट

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी तापमान में राहत के आसार नहीं हैं, जिससे बिजली की मांग और बढ़ सकती है। ऐसे में सिस्टम पर दबाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।