बिहार

BTSC भर्ती: बिहार में फार्मासिस्ट के 2473 पदों पर प्रक्रिया तेज, 24 मई तक दर्ज कर सकेंगे आपत्ति

पटना: बिहार तकनीकी सेवा आयोग ने फार्मासिस्ट के 2473 रिक्त पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया को तेज कर दिया है। हाई कोर्ट की सख्ती और स्वास्थ्य विभाग की पहल के बाद आयोग ने दस्तावेज सत्यापन में शामिल अभ्यर्थियों के लिए आपत्ति दर्ज कराने की नई व्यवस्था लागू कर दी है। अभ्यर्थी 19 मई से 24 मई तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।

आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया हुई जारी
आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार अभ्यर्थी अपने आवेदन संख्या, मोबाइल नंबर और जन्म तिथि के माध्यम से लॉगिन कर सकेंगे। लॉगिन के बाद वे अपना नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि, लिंग और प्राप्तांक जैसी जानकारियों की जांच कर पाएंगे। यदि किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलती है तो उसी दौरान आपत्ति दर्ज करने का विकल्प उपलब्ध रहेगा।

ओटीपी आधारित लॉगिन से होगा सत्यापन
प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजकर सत्यापन किया जाएगा। ओटीपी दर्ज करने के बाद अभ्यर्थी ‘रेज ऑब्जेक्शन’ विकल्प पर क्लिक कर किसी भी त्रुटि को लेकर आपत्ति दर्ज कर सकेंगे।

कोर्ट आदेश के अनुपालन में तेज हुई प्रक्रिया
यह पूरा कदम पटना हाई कोर्ट में लंबित एक अवमानना याचिका में दिए गए आदेश के अनुपालन के तहत उठाया गया है। न्यायालय के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग ने आयोग से चयन प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने और अंतिम सूची उपलब्ध कराने को कहा था, जिसके बाद यह कदम उठाया गया।

दस्तावेज सत्यापन फरवरी में हुआ था पूरा
आयोग ने इसी वर्ष 6 से 10 फरवरी के बीच दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की थी। करीब तीन महीने बाद अब अभ्यर्थियों को अंतिम आपत्ति दर्ज करने का अवसर दिया गया है, जिसके बाद चयन सूची स्वास्थ्य विभाग को भेजी जाएगी।

अभ्यर्थियों की प्रतिक्रिया भी सामने आई
डिप्लोमा फार्मासिस्ट संगठन छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने इस निर्णय पर स्वास्थ्य मंत्री और आयोग के प्रति आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने जल्द से जल्द नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग भी दोहराई है। इससे पहले उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर भर्ती प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने का आग्रह किया था।