डीयू लॉ एडमिशन 2026: आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, बीए-एलएलबी और बीबीए-एलएलबी के लिए नया शेड्यूल जारी
नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय ने पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड लॉ प्रोग्राम में दाखिले के इच्छुक छात्रों को बड़ी राहत दी है। विश्वविद्यालय ने बीए एलएलबी (ऑनर्स) और बीबीए एलएलबी (ऑनर्स) पाठ्यक्रमों में आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है और साथ ही प्रवेश प्रक्रिया का पूरा विस्तृत शेड्यूल भी जारी कर दिया है।
आवेदन की अंतिम तिथि अब 21 मई तक बढ़ी
डीयू प्रशासन के अनुसार अब छात्र 18 मई की जगह 21 मई रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस फैसले से उन अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय मिल गया है जो अब तक आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे।
CLAT-2026 स्कोर के आधार पर मिलेगा दाखिला
विश्वविद्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि दोनों लॉ कोर्स में प्रवेश कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट यानी CLAT-2026 के स्कोर के आधार पर दिया जाएगा। इसके तहत चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित होगी।
सीट आवंटन प्रक्रिया 1 जून से होगी शुरू
जारी कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण की सीट आवंटन प्रक्रिया 1 जून से शुरू होगी। चयनित उम्मीदवार 1 से 3 जून के बीच अपनी सीट स्वीकार कर सकेंगे। इसके बाद 1 जून शाम 5 बजे से 4 जून शाम 4:59 बजे तक दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन किया जाएगा।
फीस भुगतान की अंतिम तिथि भी तय
विश्वविद्यालय ने फीस जमा करने की अंतिम तिथि 6 जून शाम 4:59 बजे निर्धारित की है। तय समय सीमा के भीतर फीस जमा करना अनिवार्य होगा, अन्यथा सीट रद्द की जा सकती है।
दूसरे चरण की प्रक्रिया 10 जून से
दूसरे राउंड की सीट आवंटन प्रक्रिया 10 जून से शुरू होगी। इस चरण में अभ्यर्थी 10 से 12 जून तक सीट स्वीकार कर सकेंगे। दस्तावेज सत्यापन 13 जून तक और फीस भुगतान की अंतिम तिथि 15 जून शाम 4:59 बजे तय की गई है।
आवेदन में सुधार का भी मिलेगा अवसर
डीयू ने अभ्यर्थियों को आवेदन में संशोधन का भी मौका दिया है। छात्र 22 और 23 मई को रात 11:59 बजे तक अपने फॉर्म में जरूरी सुधार कर सकते हैं।
छात्रों को नियमित अपडेट पर नजर रखने की सलाह
विश्वविद्यालय की प्रवेश समिति ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक पोर्टल पर नजर बनाए रखें, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण सूचना या अपडेट से वंचित न रहें। यह शैक्षणिक सत्र इन पांच वर्षीय लॉ कोर्सेज की शुरुआत के बाद दूसरा सत्र होगा।
