बिहार

NH-31 पर दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित ट्रक ने 3 वाहनों को मारी टक्कर, 6 की मौत और 8 घायल

खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले में एनएच-31 पर सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। मानसी थाना क्षेत्र के ठाठा स्थित एक लाइन होटल के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने पहले ऑटोरिक्शा, फिर पिकअप वैन और उसके बाद सफारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

अनियंत्रित ट्रक ने तीन वाहनों को रौंदा
जानकारी के अनुसार ट्रक पहले खगड़िया से गोगरी जा रहे एक ऑटोरिक्शा से टकराया, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद बेकाबू ट्रक ने भागने के क्रम में एक पिकअप वैन और सफारी वाहन को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटोरिक्शा के परखच्चे उड़ गए और कई लोग सड़क पर जा गिरे।

मौके पर ही तीन की मौत, अस्पताल में तीन ने तोड़ा दम
हादसे में ऑटोरिक्शा सवार दो महिलाएं और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई थी। बाद में इलाज के दौरान दो पुरुष और एक बच्चे ने भी दम तोड़ दिया। मृतकों में दो महिलाएं, दो बच्चे और दो पुरुष शामिल हैं। देर शाम तक दो मृतकों की पहचान हो सकी थी।

कई घायल अस्पताल में भर्ती, तीन की हालत गंभीर
घटना में घायल आठ लोगों को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से तीन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घायलों में विभिन्न जिलों के लोग शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद ट्रक चालक फरार, जांच में जुटी पुलिस
दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही मानसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और सड़क पर यातायात बहाल कराया गया।

एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की जांच की और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली। साथ ही सड़क को जल्द खाली कराकर यातायात सामान्य करने के निर्देश दिए।

अस्पताल में मचा कोहराम, परिजन पहुंचे मौके पर
सदर अस्पताल में घायलों के इलाज के दौरान अफरातफरी का माहौल बन गया। जैसे ही मृतकों की सूचना परिजनों तक पहुंची, अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। कई परिजन मौके पर पहुंचकर रोते-बिलखते नजर आए।

विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद बढ़ा दबाव, हादसों में इजाफा
स्थानीय लोगों के अनुसार विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद एनएच-31 पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है, जिससे सड़क हादसों में लगातार वृद्धि हो रही है। भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार भी दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रही है।