उत्तराखंड

पति कमाने गया श्रीनगर, घर में चार बच्चों को छोड़कर पत्नी लापता, अपहरण और फिरौती का आरोप

पथरी: हरिद्वार के पथरी क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पति के काम के सिलसिले में श्रीनगर जाने के बाद उसकी पत्नी चार छोटे बच्चों को छोड़कर रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। मामले में पति ने गांव के ही एक व्यक्ति पर पत्नी के अपहरण और दो लाख रुपये की फिरौती मांगने का गंभीर आरोप लगाया है।

पति की गैरमौजूदगी में घर से लापता हुई पत्नी
पथरी: पीड़ित पति ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2016 में सुल्तानपुर की एक युवती से हुई थी और उनके चार छोटे बच्चे हैं। 18 अप्रैल 2026 को वह काम के लिए श्रीनगर गया था, इसी दौरान उसकी पत्नी अचानक घर से गायब हो गई। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया।

गांव के व्यक्ति पर अपहरण और फिरौती का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने उसकी पत्नी को जबरन घर से उठा लिया। जब वह वापस लौटा और आरोपित के घर जाकर पत्नी के बारे में जानकारी मांगी, तो उसके साथ गाली-गलौच और मारपीट की गई। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित पक्ष ने दो लाख रुपये की मांग करते हुए धमकी दी कि पैसे देने पर ही उसकी पत्नी को वापस किया जाएगा, अन्यथा जान से मारने की चेतावनी दी गई।

चार बच्चों के भविष्य को लेकर बढ़ी चिंता
घटना के बाद से परिवार में भय और तनाव का माहौल है। चार छोटे बच्चों के अचानक मां से दूर हो जाने के कारण उनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि बच्चों के पालन-पोषण को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

पुलिस जांच में जुटी, कार्रवाई का आश्वासन
घटना की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की गई है। वहीं, ग्रामीणों ने भी मामले में आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की बात कही है।