“आदर्श जनपद” की ओर बढ़ता चम्पावत, CM धामी ने की विकास योजनाओं की बड़ी घोषणाएं
देहरादून। उत्तराखंड के चम्पावत को “आदर्श जनपद” बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने विकास की रफ्तार तेज कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद के समग्र विकास के लिए बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, कृषि, पेयजल, सिंचाई, पर्यटन और खेल क्षेत्रों से जुड़ी कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
स्वास्थ्य और प्रशासनिक ढांचे को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री ने चम्पावत में प्रशिक्षण के लिए टाइप-3/4 आवासीय परिसर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय भवन, डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर और जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की स्थापना की घोषणा की। इससे स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कृषि और ग्रामीण विकास पर फोकस
कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए 1000 परिवारों को मधुमक्खी पालन (मौन पालन) का प्रशिक्षण देने हेतु ₹2 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा किसानों की आय बढ़ाने और फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए ₹5 करोड़ की सामूहिक घेरबाड़ योजना भी लागू की जाएगी।
सड़क, पेयजल और बिजली योजनाओं का विस्तार
मोनपोखरी से नीड तक 2 किमी सड़क का डामरीकरण, अमोड़ी-छतकोट बाईपास में 5 किमी मोटर मार्ग और पुल निर्माण, ढकना-बडोला से सेरोला तक लिंक मार्ग और बनलेख से हिंगला देवी मंदिर तक सड़क निर्माण जैसी योजनाएं शामिल हैं। साथ ही 50 हैंडपंपों की स्थापना और 20 स्थानों पर सोलर लिफ्ट पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं शुरू की जाएंगी।
पर्यटन और सांस्कृतिक विकास को बढ़ावा
ब्यानधूरा बाबा मंदिर समेत सभी मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, नागनाथ मंदिर के पास रामलीला मंच का निर्माण और चम्पावत में व्यापारिक परिसर विकसित करने की योजना बनाई गई है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
खेल और आधारभूत सुविधाओं पर जोर
अमोड़ी-सिप्टी मोटर मार्ग पर दो वैली ब्रिजों का निर्माण, खर्ककार्की क्षेत्र में खेल मैदान का विकास और विकास भवन चम्पावत का कुमाऊनी शैली में पुनरोद्धार किया जाएगा। इसके अलावा ग्राम स्तर पर सोलर लाइट और आंतरिक मार्गों के निर्माण की भी घोषणा की गई है।
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को गुणवत्ता और तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द लाभ मिल सके।
