दिल्ली

Delhi Water Crisis: राजधानी में गहराया पानी संकट, कई इलाकों में सप्लाई घटी, लोगों की बढ़ीं मुश्किलें

नई दिल्ली में एक बार फिर जल संकट ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में आई तकनीकी खराबी के चलते राजधानी के कई हिस्सों में पानी की सप्लाई प्रभावित हो गई है। जहां पहले दिन में दो बार पानी मिल रहा था, वहीं अब कई इलाकों में केवल एक बार ही सप्लाई हो रही है, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कामों में परेशानी उठानी पड़ रही है।

3-4 दिन में सामान्य हो सकते हैं हालात
दिल्ली जल बोर्ड के अनुसार प्लांट में खराब मोटर्स की मरम्मत का काम तेजी से जारी है। विभाग का कहना है कि स्थिति को पूरी तरह सामान्य होने में करीब 3 से 4 दिन का समय लग सकता है। तब तक लोगों को सीमित जल आपूर्ति के साथ ही काम चलाना होगा।

इन इलाकों में सबसे ज्यादा असर
इस समस्या का सबसे अधिक असर सेंट्रल दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में देखने को मिल रहा है। हिंदूराव अस्पताल, कश्मीरी गेट, पहाड़गंज, राजेंद्र नगर, नया बाजार और पूसा रोड में अब केवल सुबह के समय ही पानी की सप्लाई हो रही है। वहीं चाणक्यपुरी, सरोजिनी नगर और नेहरू पार्क जैसे क्षेत्रों में शाम के समय पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।

पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से बढ़ी समस्या
जल बोर्ड के मुताबिक 22 मार्च से 600 मिलीमीटर की पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। फिलहाल दो पंप सेट के माध्यम से सीमित जल आपूर्ति की जा रही है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में पानी के टैंकर भेजकर लोगों को राहत देने की कोशिश की जा रही है।