राजस्थान में हथियारों की बड़ी खेप पकड़ी गई: पंजाब के दो युवक गिरफ्तार, 11 पिस्टल और 22 मैगजीन बरामद
जयपुर। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11 पिस्टल और 22 मैगजीन बरामद की गई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये हथियार इंदौर से हनुमानगढ़ लाए गए थे और आगे पंजाब ले जाए जाने थे।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इंदौर में इन तस्करों को हथियारों की आपूर्ति कौन कर रहा था और इसके पीछे कौन-सा नेटवर्क सक्रिय है।
नाकेबंदी के दौरान हुई गिरफ्तारी
पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश के अनुसार, गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान अमनदीप और पवनदीप के रूप में हुई है, जो पंजाब के रहने वाले हैं। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक हनुमानगढ़ के रास्ते अवैध हथियार लेकर पंजाब की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर तुरंत नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान एक बस से उतरकर दो युवक पैदल आगे बढ़ने लगे। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके बैग से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए।
हथियार सप्लाई चेन की पड़ताल शुरू
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद हथियारों की खेप किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है। आरोपियों से पूछताछ कर सप्लाई चेन और संभावित खरीदारों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।
