होली के दिन खून से सना झज्जर: पति ने पत्नी को 8 गोलियां मार उतारा मौत के घाट, आरोपी फरार
हरियाणा के झज्जर जिले के बिरधाना गांव में होली के दिन एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। आपसी विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृतका की पहचान अंजलि पत्नी संजय, निवासी गांव बिरधाना के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक आरोपी पति ने अंजलि पर ताबड़तोड़ आठ गोलियां दागीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी संजय फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
लंबे समय से चल रहा था पति-पत्नी में विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दंपति के बीच काफी समय से आपसी विवाद चल रहा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार इसी तनाव के चलते इस जघन्य हत्या को अंजाम दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी संजय के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह इसी वर्ष जनवरी महीने में जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि स्पष्ट हो सके।
गांव में दहशत, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
मामले पर एसीपी अनिल कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर दिया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे की सटीक वजह जानने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।
इस वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। मृतका के बच्चे का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
