झारखंड

गल्फ संकट पर एक्टिव हुए हेमंत सोरेन, झारखंडियों के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर; PM मोदी और विदेश मंत्री से की अपील

रांची। ईरान और इजराइल के बीच जारी संघर्ष के बाद मध्य-पूर्व यानी गल्फ देशों में हालात तेजी से बदल रहे हैं। क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए वहां रह रहे भारतीयों में चिंता का माहौल है। केंद्र सरकार के स्तर पर विदेश मंत्रालय प्रवासी भारतीयों की सुरक्षित वापसी को लेकर लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में झारखंड सरकार ने भी पहल करते हुए विशेष कदम उठाए हैं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मिडिल ईस्ट में फैली अशांति पर चिंता जताई है और गल्फ देशों में रह रहे झारखंड के लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी अपील की है कि असुरक्षित या फंसे हुए भारतीयों की सुरक्षित वतन वापसी के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए की अपील

मुख्यमंत्री सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि Gulf region में तेजी से बदल रहे हालात अत्यंत चिंता का विषय हैं। उन्होंने वहां रह रहे सभी झारखंडवासियों और देशवासियों से सतर्क रहने की अपील की और भरोसा दिलाया कि देश उनके साथ खड़ा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर से अनुरोध किया कि जो भी भारतीय स्वयं को असुरक्षित या फंसा हुआ महसूस कर रहे हैं, उन्हें सुरक्षित स्वदेश लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

किसी भी परेशानी में करें संपर्क

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से गल्फ देशों में रह रहे झारखंड के लोगों से कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या की स्थिति में झारखंड राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार हरसंभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है और अपने नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ी है।

झारखंड राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर

टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर: 1800-3456-526
लैंडलाइन नंबर: 0651-2480083, 0651-2481188, 0651-2480058
व्हाट्सएप नंबर: 9470132591, 9431336472, 9431336398, 9431336427, 9431336432

गल्फ क्षेत्र में हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने नागरिकों से अफवाहों से बचने और आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करने की अपील की है।