छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में फॉरेस्ट गार्ड की पिटाई, प्रेमिका के सामने नचाया; वायरल वीडियो पर विभाग ने जारी किया नोटिस

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नर्सरी परिसर में वर्दीधारी वनरक्षक को कुछ युवकों ने न सिर्फ पीटा, बल्कि प्रेमिका के सामने डांस करने के लिए भी मजबूर किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

बताया जा रहा है कि यह घटना 23 फरवरी की है। वनरक्षक सुखदेव पैकरा अपनी प्रेमिका के साथ नर्सरी में बैठे थे, तभी युवती के स्वजन वहां पहुंच गए। मौके पर पहुंचे करीब आठ युवकों ने दोनों को पकड़ लिया। आरोप है कि पहले युवती को थप्पड़ मारा गया और इसके बाद वनरक्षक की जमकर पिटाई की गई।

मोबाइल पर गाना चलाकर कराया डांस

मारपीट के बाद युवकों ने वनरक्षक को मोबाइल पर गाना चलाकर नृत्य करने के लिए मजबूर किया। जब वह ठीक से डांस नहीं कर पाया तो उसे फटकारा गया। इस दौरान वनरक्षक ने एक युवक को पहचानते हुए ‘राजू भैया’ कहकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन उसकी पिटाई जारी रही।

बताया गया कि कुछ देर बाद युवकों ने वनरक्षक को वहां से भगा दिया, जबकि युवती को उसके घर भेज दिया गया। पूरी घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।

वन विभाग ने जारी किया कारण बताओ नोटिस

मामले में वन मंडलाधिकारी ने वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित वनरक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उसे तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, सूरजपुर के एसएसपी प्रशांत ठाकुर ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।