Sunday, March 1, 2026
पंजाब

Punjab Weather Update: फरवरी के आखिर में चढ़ा पारा, फरीदकोट में 32 डिग्री पार; जानें आज कैसा रहेगा मौसम

पंजाब में फरवरी के अंतिम दिनों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है। दिन के समय गर्मी और हल्की उमस ने लोगों को मार्च जैसी तपिश का एहसास कराना शुरू कर दिया है। पिछले पांच दिनों से राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किए जा रहे हैं। हालांकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंड अब भी बनी हुई है।

शनिवार को राज्य के कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा। फरीदकोट में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री अधिक रहा। यहां न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा था।

प्रमुख शहरों में भी बढ़ा तापमान

राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में भी पारा सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। बठिंडा में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री, रूपनगर में 30.7 डिग्री, चंडीगढ़ में 29.5 डिग्री, लुधियाना में 29.6 डिग्री, पटियाला में 29.4 डिग्री और अमृतसर में 27.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

सामान्य से 3 से 7 डिग्री तक ज्यादा रहा पारा

रूपनगर में अधिकतम तापमान सामान्य से 6.2 डिग्री अधिक रहा। चंडीगढ़ में यह 5.1 डिग्री, लुधियाना में 5.8 डिग्री, अमृतसर में 3.9 डिग्री और पटियाला में 5.6 डिग्री सेल्सियस सामान्य से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान भी अधिकांश जिलों में सामान्य से तीन से चार डिग्री अधिक रहा। रूपनगर में 15.5 डिग्री, चंडीगढ़ में 14.0 डिग्री, लुधियाना में 13.4 डिग्री, पटियाला में 14.8 डिग्री, अमृतसर में 11.9 डिग्री और बठिंडा में 14.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

आने वाले दिनों में और बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। दिन के समय तेज धूप रहने की संभावना है, जिससे दोपहर में गर्मी का असर और स्पष्ट होगा। हालांकि पांच मार्च के बाद मौसम में बदलाव के संकेत भी दिए गए हैं।

फिलहाल राज्य में दिन गर्म और सुबह-शाम हल्की ठंड का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि बदलते मौसम में सेहत का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।