Sunday, March 1, 2026
झारखंड

रांची नगर निगम चुनाव में बदली सियासी तस्वीर, अनारक्षित सीटों पर भी आदिवासी प्रत्याशियों का दबदबा; 9 मुस्लिम और 1 सिख पार्षद निर्वाचित

रांची नगर निगम चुनाव के नतीजों ने इस बार नगर की राजनीतिक तस्वीर में बड़ा बदलाव दर्ज किया है। पार्षद चुनाव में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित वार्डों के साथ-साथ अनारक्षित सीटों पर भी आदिवासी प्रत्याशियों का प्रभाव साफ तौर पर नजर आया। सामान्य श्रेणी की सीटों पर महिला और पुरुष दोनों वर्गों से आदिवासी उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

नगर निगम क्षेत्र में कुल 27 अनारक्षित सीटें हैं, जिनमें 13 अनारक्षित महिला और 14 अनारक्षित अन्य वर्ग की सीटें शामिल हैं। इनमें से नौ सीटों पर आदिवासी प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। खास बात यह रही कि इन नौ में पांच सीटों पर आदिवासी महिलाएं विजयी रहीं। इसके अलावा नौ मुस्लिम प्रत्याशी भी पार्षद चुने गए, जबकि वार्ड-44 से सिख समुदाय के परमजीत सिंह पहली बार पार्षद निर्वाचित हुए।

अनारक्षित महिला सीटों पर आदिवासी महिलाओं का प्रदर्शन

13 अनारक्षित महिला सीटों में से पांच पर आदिवासी महिला उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। ये सीटें सामान्य वर्ग के लिए खुली थीं, जहां सभी वर्गों के प्रत्याशी मैदान में थे। विजयी प्रत्याशियों में वार्ड-03 से बसंती लकड़ा, वार्ड-06 से मोनिका लकड़ा, वार्ड-08 से किरण खलखो, वार्ड-33 से पुष्पा टोप्पो और वार्ड-50 से सुनीता तिर्की शामिल हैं।

अनारक्षित अन्य वर्ग सीटों पर भी मजबूत उपस्थिति

14 अनारक्षित अन्य वर्ग सीटों में से चार पर अनुसूचित जनजाति के पुरुष उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। इन सीटों पर किसी भी वर्ग का प्रत्याशी चुनाव लड़ सकता था। विजयी प्रत्याशियों में वार्ड-04 से अमित मुंडा, वार्ड-24 से विजय कच्छप, वार्ड-34 से अजीत भगत और वार्ड-48 से अमित मिंज शामिल हैं।

कई वार्डों में कांटे की टक्कर

वार्ड-33 में कड़े मुकाबले के बीच पुष्पा टोप्पो ने अपनी सीट बरकरार रखी। वहीं वार्ड-34 से अजीत भगत ने पहली बार जीत दर्ज की। इससे पहले इस वार्ड से सामान्य वर्ग के प्रतिनिधि निर्वाचित होते रहे थे, लेकिन इस बार समीकरण बदले हुए नजर आए।

नौ मुस्लिम प्रत्याशी बने पार्षद

नगर निगम चुनाव में वार्ड-11 से आलिया नाज, वार्ड-15 से गजाला परवीन, वार्ड-16 से मो. सलाउद्दीन, वार्ड-17 से फातमा शमीम, वार्ड-21 से मो. एहतेशाम, वार्ड-22 से मो. असलम, वार्ड-23 से फरहा नाज, वार्ड-45 से नसीम गद्दी और वार्ड-49 से जमीला खातून ने जीत दर्ज की।

इन परिणामों ने साफ संकेत दिया है कि इस बार रांची नगर निगम की सियासत में सामाजिक विविधता और प्रतिनिधित्व का दायरा पहले से अधिक व्यापक हुआ है।