Monday, April 20, 2026
Latest:
बिहार

पटना यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में NSUI का जलवा, शांतनु बने अध्यक्ष और खुशी कुमारी महासचिव

पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में इस बार एनएसयूआई का दबदबा साफ दिखाई दिया। सेंट्रल पैनल के नतीजों में अध्यक्ष और महासचिव जैसे दो अहम पदों पर एनएसयूआई ने जीत दर्ज की, जबकि संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी ने बाजी मारी। शनिवार देर रात घोषित परिणामों के बाद परिसर में देर रात तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।

अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के उम्मीदवार शांतनु शेखर ने शानदार जीत हासिल की। उन्हें कुल 2896 मत प्राप्त हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी छात्र जदयू के प्रिंस कुमार को 1400 वोट मिले। एबीवीपी की प्रत्याशी अनुष्का कुमारी 924 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

महासचिव पद भी एनएसयूआई के खाते में गया। खुशी कुमारी ने 2164 मत हासिल कर जीत दर्ज की। छात्र राजद के प्रत्युष राज को 1611 मत मिले और वे दूसरे स्थान पर रहे।

उपाध्यक्ष निर्दलीय, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष एबीवीपी के खाते में

उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी शिफत फैज ने 1571 मतों के साथ जीत हासिल की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी आयुष हर्ष को 1503 वोट मिले।

संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी के अभिषेक कुमार ने 2143 मत पाकर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी एनएसयूआई के मो. मुनव्वर आजम को 1751 वोट मिले।

कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी के हर्षवर्धन को 1519 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अभिषेक कुमार को 1429 वोट मिले।

महिला-पुरुष प्रतिनिधित्व में संतुलन

छात्रसंघ के पांच प्रमुख पदों में दो पर महिला और तीन पर पुरुष उम्मीदवारों ने जीत हासिल की, जिससे प्रतिनिधित्व में संतुलन देखने को मिला। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा।

मतदान के दौरान सभी बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पुलिस बल तैनात रहा। देर रात विजेता प्रत्याशियों को आधिकारिक रूप से प्रमाण पत्र सौंप दिए गए।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. नमिता सिंह ने उम्मीद जताई कि निर्वाचित सभी पदाधिकारी छात्र हित और विश्वविद्यालय के विकास को प्राथमिकता देंगे तथा परिसर में सकारात्मक शैक्षणिक माहौल बनाए रखने की दिशा में कार्य करेंगे।