Sunday, March 1, 2026
उत्तर प्रदेश

Weather Today: यूपी में बढ़ी गर्मी की दस्तक, लखनऊ से बनारस तक होली तक चलेंगी 30KM/H की तेज पछुआ हवाएं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गर्मी ने समय से पहले ही रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। सुबह और रात में हल्की ठंडक बनी हुई है, लेकिन दिन में तेज धूप लोगों को मार्च की शुरुआत में ही गर्मी का अहसास करा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक होली तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज उत्तरी-पश्चिमी हवाएं चलने के आसार हैं।

दिन में चलेगी 20-30 किमी/घंटा की रफ्तार से पछुआ हवा

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मार्च की शुरुआत से होली तक दिन के समय 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से सतही स्तर पर उत्तरी-पश्चिमी हवाएं चल सकती हैं। हालांकि इन हवाओं का अधिकतम तापमान पर कोई खास असर देखने को नहीं मिलेगा। यानी धूप और गर्मी का असर बरकरार रहेगा।

अभी प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं

आने वाले एक सप्ताह तक उत्तर प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र प्रभावी नहीं रहेगा। इसी वजह से सप्ताह के अंत तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है, जिससे दिन के समय गर्मी का प्रभाव और बढ़ेगा।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ स्थित आंचलिक कार्यालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक तेज पछुआ हवाओं का प्रभाव मुख्य रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अधिक दिखाई दे सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हवा की रफ्तार भले तेज रहे, लेकिन इससे दिन के अधिकतम तापमान में कोई विशेष गिरावट की उम्मीद नहीं है।

इन जिलों में दो दिन रहेगी तेज हवा, फिर मिलेगी राहत

1 मार्च को लखनऊ, कानपुर, बरेली, गोरखपुर, अयोध्या, प्रयागराज, आगरा, हाथरस, मुरादाबाद, सहारनपुर, मेरठ, शामली, बागपत, वाराणसी समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सोमवार और मंगलवार को हवा की रफ्तार तेज रह सकती है। बुधवार से हवा की गति कम होनी शुरू होगी और चौथे दिन तक यह मंद पड़ जाएगी।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहने की संभावना है। फिलहाल बारिश या बादलों की कोई संभावना नहीं जताई गई है, जिससे दिन में धूप का असर लगातार बना रहेगा।