Monday, March 2, 2026
राजस्थान

अजमेर से एचपीवी वैक्सीनेशन की शुरुआत करेंगे पीएम मोदी, राजस्थान पहुंचीं 3.60 लाख डोज

जयपुर: सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को राजस्थान के अजमेर से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस पहल को महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए अहम माना जा रहा है।

सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ बड़ा सुरक्षा कवच

एचपीवी वैक्सीन को सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम माना जाता है। भारत में हर साल करीब डेढ़ लाख से अधिक नए मामले सामने आते हैं, जबकि लगभग 75 हजार महिलाओं की इस बीमारी से मृत्यु हो जाती है। यह आंकड़ा वैश्विक मौतों का लगभग एक-तिहाई है।

अब इस वैक्सीन को राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान में शामिल किए जाने से बड़ी संख्या में किशोरियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

राजस्थान पहुंचीं 3.60 लाख डोज

अभियान की शुरुआत के लिए एचपीवी वैक्सीन की 3 लाख 60 हजार डोज राजस्थान पहुंच चुकी हैं। चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, यह वैक्सीन 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी लड़कियों को लगाई जाएगी।

शुरुआती चरण में वैक्सीन उन्हीं अस्पतालों में उपलब्ध होगी, जहां 24 घंटे आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध हैं, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके।

हर जिले में पहले चरण की शुरुआत

राजस्थान के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने बताया कि पहले चरण में राज्य के प्रत्येक जिले में दस-दस लड़कियों को वैक्सीन लगाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की जाएगी। इसके बाद टीकाकरण प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से विस्तारित किया जाएगा।

प्रधानमंत्री अजमेर में जनसभा को भी संबोधित करेंगे और राज्य सरकार की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे।

यह पहल देश में महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।