अल्मोड़ा में होली से पहले मातम: शादी से लौट रही कार 100 मीटर गहरी खाई में गिरी, 11 माह के मासूम समेत तीन की मौत
अल्मोड़ा: होली की खुशियां आने से पहले ही जिले में दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। शादी समारोह से लौट रहे लोगों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में 11 माह के मासूम सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
ताकुला–अल्मोड़ा मोटर मार्ग पर बसोली के पास हादसा
गुरुवार को अल्मोड़ा जिले के ताकुला–अल्मोड़ा मोटर मार्ग पर बसोली के समीप एक ब्रेजा कार करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि चालक अर्जुन कुमार (35) वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सीधे खाई में समा गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
11 माह के रेहान समेत तीन की मौत
दुर्घटना में 11 माह के रेहान पुत्र महेश आर्या और मंजू देवी (45) पत्नी गोपाल राम की मौत हो गई। हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया—महेश ने अपना मासूम बेटा खो दिया तो गोपाल राम की आंखों के सामने उनकी पत्नी हमेशा के लिए बिछुड़ गई।
घटना में महेश आर्या, गोपाल राम, जया देवी, संजय कुमार (18) और चालक अर्जुन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी का इलाज बेस अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
रेस्क्यू ऑपरेशन चला, घायलों को निकाला गया बाहर
सूचना मिलते ही ताकुला चौकी पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और अल्मोड़ा से पहुंची फायर सर्विस टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ताकुला में प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया।
शादी से लौटते वक्त हुआ हादसा, जांच में जुटी पुलिस
बताया गया है कि सभी लोग झिझाड़ गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर दिल्ली लौट रहे थे। अचानक हुए इस हादसे ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पूरे क्षेत्र में इस घटना से शोक की लहर है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
