रिश्तों का खौफनाक अंजाम: लुधियाना में बड़े भाई ने छोटे को दूसरी मंजिल से फेंका, दो महीने बाद दर्ज हुआ केस
लुधियाना: पंजाब के लुधियाना से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां खून के रिश्तों को शर्मसार करते हुए एक बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई को जान से मारने की नीयत से घर की दूसरी मंजिल से नीचे गली में फेंक दिया। इस हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
26 दिसंबर की रात हुआ था हमला, अब हुई कार्रवाई
घटना भले ही करीब दो महीने पुरानी हो, लेकिन अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू हुई है। थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस ने प्रेम नगर निवासी महिंदर कुमार की शिकायत पर उसके बड़े भाई हंसराज के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
नींद से उठा, गालियां दीं और घर में की तोड़फोड़
शिकायत में महिंदर कुमार ने बताया कि 26 दिसंबर की रात वह घर की पहली मंजिल पर सो रहा था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई हंसराज अचानक वहां पहुंचा और ऊंची आवाज में गालियां देने लगा। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने घर का सामान तोड़ना शुरू कर दिया और देखते ही देखते पूरे घर में तोड़फोड़ कर दी।
छत पर ले जाकर बेरहमी से फेंका नीचे
शिकायत के अनुसार, आरोपी का गुस्सा यहीं नहीं थमा। वह चिल्लाता हुआ छत पर पहुंचा, जहां छोटे भाई के साथ मारपीट की और फिर उसे दूसरी मंजिल से सीधे नीचे गली में फेंक दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
आरोपी की तलाश में छापेमारी
घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के खतरनाक रूप को उजागर कर दिया है।
