Bihar Weather Today: ठंड की विदाई तय! पटना समेत 25 जिलों में चढ़ा पारा, मार्च की शुरुआत गर्माहट के साथ
पटना: बिहार में अब ठंड की विदाई लगभग तय मानी जा रही है। पछुआ हवाओं के कारण प्रदेश का मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है और ज्यादातर इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं। सुबह और शाम हल्की ठंड का असर जरूर महसूस किया जा रहा है, लेकिन दिन में तापमान में बढ़ोतरी साफ नजर आ रही है।
2 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ का असर, बादल छाए रहने का अनुमान
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार दो मार्च को हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव राज्य के मौसम पर पड़ सकता है। इसके चलते आंशिक बादल छाए रहने के साथ मौसम सामान्य बने रहने का पूर्वानुमान है। अगले दो दिनों के दौरान तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।
25 जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी
गुरुवार को पटना समेत राज्य के 25 जिलों में अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। राजधानी पटना और आसपास के इलाकों में दिनभर मौसम शुष्क रहा और हल्के बादल छाए रहे। पटना का अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस कैमूर में रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन में बढ़ती गर्मी का संकेत दे रहा है।
न्यूनतम तापमान में भी हलचल
गुरुवार को न्यूनतम तापमान की बात करें तो 12.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सिवान (जीरादेई) सबसे ठंडा स्थान रहा। वहीं पटना का न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह-शाम हल्की ठंड के बावजूद दिन में तापमान में हो रही बढ़ोतरी से मौसम में बदलाव साफ महसूस किया जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं, लेकिन मार्च की शुरुआत के साथ ही तापमान में धीरे-धीरे और बढ़ोतरी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
