होली से पहले धनबाद को बड़ी सौगात: PM नरेंद्र मोदी दिखाएंगे Amrit Bharat को हरी झंडी, जानें रूट और टाइमिंग
धनबाद। होली से पहले धनबाद रेल यात्रियों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। धनबाद से कोयंबटूर के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस को एक मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन दक्षिण भारत से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रवाना की जाएगी।
उद्घाटन समारोह तमिलनाडु के मदुरई रेलवे स्टेशन पर आयोजित होगा, जहां से प्रधानमंत्री चार नई ट्रेनों का शुभारंभ करेंगे।
इन चार ट्रेनों का होगा उद्घाटन
एक मार्च को जिन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई जाएगी, उनमें कोयंबटूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस, तांबरम-मंगलुरु अमृत भारत एक्सप्रेस, नागरकोइल-चर्लपल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस और रामेश्वरम-मंगलुरु एक्सप्रेस शामिल हैं।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दो फरवरी को बजट के दूसरे दिन धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस को स्वीकृति दिए जाने की घोषणा की थी और जल्द परिचालन शुरू करने की बात कही थी। उद्घाटन के बाद नियमित संचालन की तिथि की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत: संभावित टाइम टेबल
संभावित समय सारिणी के अनुसार 22363 धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को धनबाद से शाम 4:10 बजे रवाना होगी और सोमवार शाम 6:30 बजे कोयंबटूर पहुंचेगी।
वहीं 22364 कोयंबटूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार को कोयंबटूर से सुबह 7:50 बजे चलेगी और गुरुवार दोपहर 1:00 बजे धनबाद पहुंचेगी। हालांकि रेलवे की ओर से अंतिम समय सारिणी की औपचारिक अधिसूचना अभी जारी होनी बाकी है।
इन प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
धनबाद से कोयंबटूर के बीच यह ट्रेन गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग रोड और कोडरमा होते हुए आगे बढ़ेगी। प्रस्तावित ठहराव में गया, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, डीडीयू, मीरजापुर, प्रयागराज छिवकी, सतना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, बैतूल, नागपुर, चंद्रपुर, बल्हारशाह, सिरपुर कागजनगर, मंचेरियल, पेडापल्ली, वारंगल, महबूबाबाद, खम्मम, विजयवाड़ा, ओंगोल, नेल्लोर, गुडूर, रेनीगुंटा, तिरुत्तनी, काटपाडी, जोलारपेट्टई, सेलम, इरोड और तिरुप्पुर शामिल हैं।
हालांकि इन ठहरावों को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, ऐसे में बदलाव की संभावना बनी हुई है।
धनबाद से दक्षिण भारत के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिलने से झारखंड और तमिलनाडु के बीच यात्रा आसान होगी। त्योहार के मौसम में यह ट्रेन यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।
