Sunday, March 1, 2026
हरियाणा

बल्लभगढ़-पाली एलिवेटेड फ्लाईओवर को CM नायब सैनी की मंजूरी, 500 करोड़ की परियोजना से जाम से मिलेगी राहत

फरीदाबाद। बल्लभगढ़ से पाली तक प्रस्तावित एलिवेटेड फ्लाईओवर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मंजूरी मिल गई है। करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना से रोजाना जाम की समस्या से जूझ रहे हजारों वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। यह फ्लाईओवर पीपीपी मोड पर विकसित किया जाएगा।

बुधवार को विधानसभा में एनआईटी क्षेत्र के विधायक सतीश फागना के सवाल के जवाब में लोक निर्माण मंत्री रणवीर गंगवा ने फ्लाईओवर निर्माण की जानकारी दी।

8.2 किलोमीटर लंबा होगा एलिवेटेड कॉरिडोर

प्रस्तावित एलिवेटेड फ्लाईओवर की कुल लंबाई 8.2 किलोमीटर होगी। इसके साथ दोनों ओर सात-सात मीटर चौड़ी सर्विस रोड का भी प्रावधान रखा गया है। यह कॉरिडोर बल्लभगढ़, पाली-धौज और सोहना रोड को जोड़ते हुए विकसित किया जाएगा।

परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए लोक निर्माण विभाग निजी एजेंसी को नियुक्त करेगा। डीपीआर तैयार करने के लिए सरकार की ओर से 105.37 लाख रुपये की स्वीकृति पहले ही दी जा चुकी है।

सुबह-शाम लगता है भारी जाम, उद्योगों का दबाव

बल्लभगढ़ से सोहना रोड तक का मार्ग सुबह और शाम के समय भारी ट्रैफिक दबाव झेलता है। इस रूट पर कई औद्योगिक इकाइयां स्थित हैं, जिसके कारण सेक्टर-23 मोड़, संजय कॉलोनी मोड़ और सरूरपुर चौक पर अक्सर लंबा जाम लग जाता है। उद्योगों से निकलने वाले कर्मचारी और भारी वाहन इसी मार्ग से गुरुग्राम की ओर रुख करते हैं।

बल्लभगढ़ फ्लाईओवर से आने वाले वाहन भी सोहना रोड के रास्ते हार्डवेयर चौक की ओर जाते हैं, जिससे यातायात का दबाव और बढ़ जाता है। बड़े वाहन जाम में फंस जाते हैं और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है।

इन क्षेत्रों को मिलेगा सीधा फायदा

फ्लाईओवर बनने के बाद संजय कॉलोनी, सेक्टर-22, सेक्टर-23, सेक्टर-55, जीवन नगर, गौछी, सरूरपुर और पाली गांव के निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही सोहना रोड पर स्थित अस्पतालों तक पहुंच भी सुगम होगी, जिससे आपातकालीन सेवाओं में तेजी आएगी।

विधायक सतीश फागना ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद अब डीपीआर तैयार कराई जाएगी और प्रयास रहेगा कि इसी वर्ष निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।