Monday, March 2, 2026
पंजाब

होली स्पेशल ट्रेनों का ऐलान: पंजाब से बिहार के लिए चलेगी आरक्षित एक्सप्रेस, फिरोजपुर और अमृतसर से सीधी सुविधा

फिरोजपुर: होली के मौके पर घर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए रेलवे ने पंजाब से बिहार के लिए दो आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। रेलवे प्रशासन के मुताबिक Firozpur छावनी–दानापुर और Amritsar–कटिहार के बीच विशेष ट्रेनों का संचालन निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा, जिससे त्योहार के दौरान बढ़ी भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

सीनियर डीसीएम परमदीप सिंह सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रेन संख्या 04616 फिरोजपुर छावनी–Danapur आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस 26 फरवरी, 2 मार्च और 6 मार्च को फिरोजपुर कैंट से दोपहर 12 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन लगभग 29 घंटे की यात्रा पूरी कर शाम 5:30 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04615 दानापुर–फिरोजपुर छावनी 27 फरवरी, 3 मार्च और 7 मार्च को दानापुर से रात 9:10 बजे चलकर करीब 26 घंटे बाद रात 11:55 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी।

यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में मोगा, लुधियाना, अंबाला कैंट, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, रायबरेली, मां बेल्हा देवी धाम (प्रतापगढ़), वाराणसी, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, रघुनाथपुर और आरा स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

इसी तरह ट्रेन संख्या 04614 अमृतसर–Katihar आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस 25 फरवरी, 1 मार्च और 5 मार्च को अमृतसर से दोपहर 2:15 बजे प्रस्थान करेगी और लगभग 34 घंटे बाद कटिहार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04613 कटिहार–अमृतसर 27 फरवरी, 3 मार्च और 7 मार्च को सुबह 4 बजे कटिहार से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 2:40 बजे अमृतसर पहुंचेगी।

इस मार्ग पर ट्रेन ब्यास, जालंधर शहर, ढंडारी कलां, अंबाला छावनी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, सिवान, छपरा और नवगछिया स्टेशनों पर ठहरेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि होली के दौरान बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि यात्रियों को कन्फर्म सीट और सुगम यात्रा का लाभ मिल सके।