Monday, March 2, 2026
हरियाणा

हरियाणा के पत्रकारों के लिए बड़ी राहत, कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस और 10 लाख रुपये का बीमा कवर लागू

चंडीगढ़। हरियाणा के मीडिया कर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मीडिया वेल-बीइंग एसोसिएशन ने कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, जो पत्रकारों के लिए सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं और आर्थिक सुरक्षा का नया अध्याय खोलने वाला है।

10 लाख रुपये की टर्म और एक्सीडेंटल इंश्योरेंस

मीडिया वेल-बीइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरनी ने बताया कि पत्रकारों के लिए 10-10 लाख रुपये की टर्म इंश्योरेंस और एक्सीडेंटल इंश्योरेंस पालिसी करवाई गई है। टर्म इंश्योरेंस पत्रकार की असामयिक मृत्यु की स्थिति में परिवार को वित्तीय सहारा प्रदान करेगी, वहीं एक्सीडेंटल इंश्योरेंस दुर्घटना या आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में मजबूत सुरक्षा कवच सुनिश्चित करेगी।

औपचारिक वितरण और संगोष्ठी का आयोजन

इन पालिसियों के औपचारिक वितरण समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को आमंत्रित किया गया है। यह कार्यक्रम रेड बिशप पंचकूला में आयोजित होगा। समारोह में पत्रकार कल्याण और सामाजिक सुरक्षा पर संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें मीडिया कर्मियों के हितों और सुरक्षा उपायों पर चर्चा होगी।

कैशलेस हेल्थ सुविधा जल्द शुरू

चंद्रशेखर धरनी ने बताया कि अगले दस दिनों के भीतर पत्रकारों के हाथों में पहली बार कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस पालिसी दी जाएगी। इससे पत्रकार अस्पताल में भर्ती और स्वास्थ्य सेवाओं के दौरान आर्थिक बाधाओं से मुक्त रहेंगे और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।