राजस्थान कांग्रेस चीफ ने हमशक्ल से की मुलाकात, ‘धर्म भाई’ बताते हुए चुनाव लड़ने का दिया मज़ाकिया ऑफर
नई दिल्ली। राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने विधानसभा परिसर में अपने हमशक्ल नरेश कुमार सिंधी से मुलाकात कर सबको चौंका दिया। 62 वर्षीय डोटासरा अपने से करीब 20 साल छोटे, 43 वर्षीय नरेश को देखकर बेहद खुश नजर आए। विधानसभा के सामने लॉन में हुई इस मुलाकात के दौरान डोटासरा ने नरेश का गर्मजोशी से स्वागत किया, मिठाई खिलाई और हंसी-मजाक के बीच उन्हें अपना ‘धर्म भाई’ बता दिया। इस पल पर मौजूद लोगों के बीच ठहाके गूंज उठे।
हमशक्ल को बताया ‘धर्म भाई’, माहौल रहा खुशनुमा
मुलाकात के दौरान दोनों के बीच आत्मीय बातचीत होती रही। डोटासरा ने मजाकिया लहजे में कहा कि अब उन्होंने नरेश को अपना भाई बना लिया है। पूरे समय माहौल हल्का-फुल्का और सहज रहा, जहां राजनीति के साथ हास्य का रंग भी देखने को मिला।
चुनाव लड़ने का मज़ाकिया ऑफर, बढ़ी सियासी चर्चा
हंसी-मजाक के बीच डोटासरा ने राजनीतिक चुटकी भी ली। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत और निकाय चुनावों में जहां वे खुद प्रचार के लिए नहीं पहुंच पाएंगे, वहां नरेश सिंधी को भेजा जा सकता है। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में कोशिश करेंगे कि नरेश को किसी सीट से चुनाव लड़वा दें। हालांकि यह बात पूरी तरह मजाक के अंदाज में कही गई, लेकिन इसके बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गईं।
कौन हैं नरेश कुमार सिंधी?
नरेश कुमार सिंधी पेशे से केटरिंग का व्यवसाय करते हैं और मेडिकल सेल्स से भी जुड़े हैं। वे राजस्थान के नागौर जिले में एक शादी समारोह में शामिल हुए थे, जहां यूट्यूबर शक्ति सिंह राठौर ने उनका वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। यह वीडियो 8 फरवरी का बताया जा रहा है, जिसमें नरेश शादी में चाउमीन खाते नजर आ रहे थे। वीडियो वायरल होते ही लोगों ने उनकी तुलना डोटासरा से करनी शुरू कर दी।
वायरल वीडियो से विधानसभा तक का सफर
वीडियो को अब तक करीब 2 मिलियन व्यूज और 40 हजार से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। नरेश को इससे पहले यह अहसास नहीं था कि वे गोविंद सिंह डोटासरा से इतने मिलते-जुलते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद जब लोगों ने उन्हें घेर लिया, तो खुद डोटासरा ने उनसे मिलने का न्योता भेजा। इसी के बाद यह दिलचस्प मुलाकात सामने आई, जिसने सियासी गलियारों के साथ सोशल मीडिया पर भी हलचल मचा दी।
