Monday, March 2, 2026
उत्तराखंड

AI से बदलेगी उत्तराखंड की शिक्षा व्यवस्था: 54 हजार शिक्षकों को हाईटेक डिजिटल ट्रेनिंग देगी धामी सरकार

उत्तराखंड में शिक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। देहरादून स्थित शिक्षा विभाग की योजना के तहत राज्य सरकार शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में दक्ष बनाने के लिए सतत व्यावसायिक विकास (CPD) कार्यक्रम शुरू करेगी। इसका उद्देश्य शिक्षकों को उन्नत डिजिटल तकनीकों से लैस कर कक्षा शिक्षण को AI आधारित नवाचारों से जोड़ना है, जिससे छात्रों के अधिगम परिणाम बेहतर हो सकें।

डिजिटल मॉड्यूल और इंटरएक्टिव टूल्स से होगी ट्रेनिंग
एससीईआरटी के अनुसार भविष्य की शिक्षा प्रणाली में AI की बढ़ती भूमिका को देखते हुए राज्य स्तर पर व्यापक रणनीति तैयार की जा रही है। इसके तहत शिक्षकों को डिजिटल प्रशिक्षण मॉड्यूल, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और इंटरएक्टिव टूल्स के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रमों में AI के बुनियादी सिद्धांत, डेटा आधारित शिक्षण, पर्सनलाइज्ड लर्निंग और मूल्यांकन विश्लेषण जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल होंगे।

राष्ट्रीय मॉडल पर आधारित होगा CPD कार्यक्रम
एससीईआरटी के वरिष्ठ शिक्षक रमेश बडोनी ने बताया कि हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के AI कार्यक्रम में सामने आई चुनौतियों और समाधान के आधार पर राज्य में इस पहल को लागू किया जाएगा। AI आधारित शिक्षण उपकरणों का चरणबद्ध परीक्षण किया जाएगा और सफल मॉडलों को पूरे राज्य में लागू किया जाएगा। साथ ही राष्ट्रीय AI ढांचे के अनुरूप राज्य की जरूरतों के मुताबिक कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी।

स्कूलों में शुरू होगी डेटा आधारित निर्णय प्रणाली
राज्य के 13,825 राजकीय विद्यालयों में AI तकनीक न केवल शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाएगी, बल्कि शिक्षकों के कार्यभार को संतुलित करने में भी मदद करेगी। इसके जरिए छात्रों की सीखने की गति और समझ के स्तर के अनुसार अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जा सकेगी। भविष्य में डिजिटल कक्षाओं, स्मार्ट कंटेंट और डेटा आधारित निर्णय प्रणाली को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

49 हजार शिक्षक पहले ही ले चुके प्रशिक्षण
उत्तराखंड अकादमी शोध एवं प्रशिक्षण की निदेशक बंदना गर्ब्याल ने बताया कि भारत मंडपम में आयोजित भारत बोधन AI कॉन्क्लेव 2026 में देश की AI नीति को समावेशी, इंटरऑपरेबल और आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही AI को शिक्षकों के सशक्तिकरण का अहम माध्यम बनाने का संकल्प लिया गया। राज्य में अब तक 54 हजार में से 49 हजार शिक्षक विभिन्न डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रमों में हिस्सा ले चुके हैं।

AI आधारित शिक्षा से छात्रों को होगा सीधा फायदा
राज्य में CPD कार्यक्रम के जरिए AI आधारित नवाचारों को बढ़ावा दिया जाएगा। इनमें आधारभूत साक्षरता, अनुकूलन आधारित शिक्षण, बहुभाषी प्लेटफॉर्म और आधुनिक मूल्यांकन प्रणालियां शामिल होंगी। स्कूल शिक्षा सचिव रविनाथ रामन के अनुसार इस पहल से राज्य के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा का लाभ मिलेगा।