किस्त न भरने पर फाइनेंस कंपनी के कारिंदों ने पार की हदें, युवक को 3 घंटे बंधक बनाकर पीटा
लुधियाना: शहर के भाईवाला चौक स्थित सूर्या कॉम्प्लेक्स में फाइनेंस कंपनियों की गुंडागर्दी का खौफनाक मामला सामने आया है। बताया जाता है कि महज दो किस्तें समय पर न भरने पर एक युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। यह वारदात न केवल कानून की अवहेलना है, बल्कि वित्तीय संस्थाओं के कामकाज पर सवाल खड़ा करती है।
पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई
पीड़ित हरीश ने पुलिस के सामने पूरी आपबीती बताई। थाना डिविजन नंबर 8 ने इसके बाद कंपनी के कर्मचारियों विपन कुमार, नवीन और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। हरीश ने बताया कि उन्होंने आईडीएफसी (IDFC) बैंक से टीवीएस रेडियॉन मोटरसाइकिल फाइनेंस करवाया था। आर्थिक तंगी के कारण उनकी दो किस्तें समय पर जमा नहीं हो पाईं, जिसके कारण 9 फरवरी को उन्हें फोन कर सूर्या कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल पर बुलाया गया।
घंटों तक बंधक बनाकर दी धमकियां
पीड़ित के अनुसार, जैसे ही वह वहां पहुंचे, आरोपियों ने उसे घेर लिया और गालियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्हें अपने केबिन में करीब 3 घंटे तक अवैध रूप से बंधक बनाया गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी युवक को जान से मारने की धमकियां देते रहे और शारीरिक तथा मानसिक प्रताड़ना दी।
पुलिस ने कही कार्रवाई की बात
पुलिस का कहना है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
