जयपुर-कोटा हाईवे पर भीषण टक्कर: ट्रेलर में घुसी कार, एमपी के 5 यात्रियों की दर्दनाक मौत
राजस्थान के जयपुर जिले में शनिवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। चाकसू इलाके में कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे (NH-52) पर सुबह करीब 5:30 बजे तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई।
झपकी बनी हादसे की वजह
पुलिस के मुताबिक कार जबलपुर से जयपुर की ओर आ रही थी। चाकसू थाने के SHO मनोहर लाल मेघवाल ने बताया कि टिगरिया मोड़ के पास चालक को झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर में जा टकराई। टक्कर के बाद वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
एक महिला समेत पांच की मौत
हादसा इतना भयानक था कि कार में सवार एक महिला सहित चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। शव कार के अंदर बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान अखिलेश श्रीवास्तव की पत्नी रेशमा श्रीवास्तव, राजेश राय के बेटे पीयूष राय, बबलू रजक के बेटे रजक राहुल और चालक अनुराग के रूप में हुई है। पांचवें मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। रजक राहुल मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर का निवासी बताया गया है।
हादसे के बाद हाईवे पर जाम
दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया और यातायात बहाल कराया गया। सभी शवों को चाकसू उप-जिला अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया है।
जांच जारी
एक्सीडेंट थाना (सेकंड) के जांच अधिकारी जय सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
