Sunday, March 1, 2026
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ स्कूल में छात्र को 100 उठक-बैठक की सजा, हालत बिगड़ी तो अस्पताल रेफर—शिक्षिकाओं को नोटिस

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले स्थित पीएमश्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में शारीरिक दंड का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पिछले महीने कक्षा 10 के एक छात्र को सजा के तौर पर 100 बार उठक-बैठक लगाने को कहा गया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।

चलने-फिरने में दिक्कत, चल रही फिजियोथैरेपी
बताया गया है कि सजा के बाद छात्र को चलने-फिरने में परेशानी होने लगी। उसकी हालत को देखते हुए इलाज के लिए रायपुर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां फिलहाल उसकी फिजियोथैरेपी जारी है।

परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
छात्र के स्वजन ने शिक्षिकाओं पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए प्रशासन से मामले की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि सजा की वजह से बच्चे की तबीयत गंभीर रूप से प्रभावित हुई है।

शिक्षिकाओं को नोटिस, जवाब के बाद कार्रवाई
जिला शिक्षा अधिकारी योगदास साहू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिक्षिकाओं को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों का कहना है कि जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।