राजस्थान

राजस्थान में मुआवज़े को लेकर बवाल! बाड़मेर में किसानों का उग्र प्रदर्शन, महिला पुलिस से भिड़ीं किसान महिलाएं

नई दिल्ली: राजस्थान के बाड़मेर जिले में ज़मीन के मुआवज़े की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन उग्र हो गया। बाड़मेर की ओर कूच कर रहे किसानों को पुलिस ने रास्ते में रोक लिया, जिसके बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। प्रदर्शन के दौरान महिला किसानों और महिला पुलिस अधिकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

बायतु में बढ़ा तनाव, टोल बूथ पर डटे किसान

पूरा मामला बाड़मेर के बायतु क्षेत्र का है। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद गुस्साए किसान टोल बूथ पर ही बैठ गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। जब महिलाएं आगे बढ़ने लगीं तो महिला पुलिस अफसरों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प हुई और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। बताया गया कि महिलाओं ने एक महिला पुलिस अधिकारी को धक्का देकर आगे बढ़ने की कोशिश की।

प्रशासन मौके पर, अफसर कर रहे समझाइश

स्थिति को संभालने के लिए बाड़मेर के एसडीएम यशार्थ शेखर और डीएसपी रमेश कुमार शर्मा समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारी किसानों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। पुलिस द्वारा एक महिला को रोके जाने के बाद किसान वहीं धरने पर बैठ गए।

नेशनल हाईवे 25 पर डटे किसान, ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़े

किसानों के ट्रैक्टर नेशनल हाईवे 25 के किनारे खड़े हैं। बायतु के किसानों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मुआवज़े की मांग पूरी नहीं होती, वे आंदोलन जारी रखेंगे। फिलहाल किसान नेशनल हाईवे पर धरने पर बैठे हैं और एकसमान मुआवज़े की मांग पर अड़े हुए हैं।

बाड़मेर में जारी इस आंदोलन ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है और अधिकारियों की ओर से लगातार बातचीत की कोशिशें जारी हैं।