Rajasthan Road Accident: जयपुर-आगरा हाईवे पर भीषण टक्कर, डिवाइडर से उछलकर ट्रेलर से भिड़ी कार; 6 युवकों की दर्दनाक मौत
नई दिल्ली। राजस्थान के दौसा जिले में जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे (NH-21) पर मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने छह परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में पहुंचकर ट्रेलर से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार छह युवकों की मौत हो गई।
यह दुर्घटना सिकंदरा थाना क्षेत्र के कैलाई गांव के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, कालाखो गांव के रहने वाले छह युवक एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान कार अचानक बेकाबू हो गई और हाईवे के डिवाइडर से टकराकर दूसरी ओर चली गई। तभी सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
चार की मौके पर मौत, दो ने बाद में तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों ने बाद में दम तोड़ दिया। सभी मृतक कालाखो गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
मृतकों की पहचान, अलग-अलग अस्पतालों में रखवाए गए शव
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान लोकेश पुत्र गोवर्धन योगी, दिलखुश पुत्र बनवारी लाल योगी, मनीष पुत्र हरिमोहन योगी, अंकित पुत्र लालराम बैरवा और समयसिंह पुत्र रामसिंह योगी के रूप में हुई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अलग-अलग अस्पतालों की मोर्चरी में रखवाया गया है। चार शव सिकंदरा अस्पताल में, एक जयपुर और एक दौसा जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है और मृतकों के गांव में मातम पसरा हुआ है।
