Monday, March 2, 2026
बिहार

Bihar Weather: बिहार में ठंड अंतिम दौर में, खिली धूप से मिली राहत; जानें अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम

बिहार में ठंड का मौसम अब धीरे-धीरे विदाई के दौर में पहुंच गया है। प्रदेश में सर्दी का असर कमजोर पड़ रहा है और लोगों को ठिठुरन से राहत मिलने लगी है। दिन और रात दोनों समय हल्की ठंड जरूर महसूस हो रही है, जिस वजह से लोग अब भी स्वेटर, कंबल और रजाई का सहारा ले रहे हैं। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही तेज धूप निकल रही है और धूप में अच्छी-खासी गर्माहट महसूस की जा रही है। सुबह के समय राज्य के कुछ हिस्सों में हल्का कोहरा नजर आ रहा है, लेकिन मौसम विभाग ने किसी बड़ी चेतावनी से इनकार किया है।

मौसम विभाग का अनुमान, 7 दिन रहेगा शुष्क मौसम
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को पूरे बिहार में मौसम शुष्क बना रह सकता है। अगले सात दिनों के दौरान न तो ठंड को लेकर और न ही घने कोहरे को लेकर कोई विशेष अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम स्थिर रहेगा और तापमान में बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना कम है।

मुजफ्फरपुर में कोहरे का असर, दोपहर तक रही ठंड
सोमवार को मुजफ्फरपुर जिले में एक बार फिर कोहरे का असर देखने को मिला। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जो दोपहर करीब 12 बजे तक बना रहा। सुबह नौ बजे तक हालात ऐसे रहे कि हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए और अधिकतर गाड़ियां लाइट जलाकर चलती दिखीं। इस दौरान पछुआ हवा की रफ्तार कमजोर रहने से तेज कनकनी से लोगों को राहत मिली। अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई, जबकि रात के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिली।

मौसम वैज्ञानिकों की राय, मंगलवार तक रह सकता है कोहरा
पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए. सत्तार के अनुसार रविवार शाम से जिले में ठंड के हालात फिर से बने हैं। इसी कारण कोहरे में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि मंगलवार को भी कोहरे का असर बना रह सकता है। इससे धूप निकलने के बावजूद हल्की ठंड महसूस हो सकती है, हालांकि तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बुधवार से एक बार फिर मौसम साफ और शुष्क हो सकता है।

दिन का तापमान फिर 25 डिग्री से नीचे
पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और यह 24 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई और यह 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.8 डिग्री कम रहा। इससे पहले लगातार तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री कम दर्ज किया जा रहा था। इस दौरान पछुआ हवा की रफ्तार घटकर करीब पांच किलोमीटर प्रति घंटा रही।