Sunday, March 1, 2026
हरियाणा

यमुना में 14 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत, पिता का आरोप- बेटे को जानबूझकर डुबोया गया

करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के डबकोली गांव से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 14 साल का छात्र यमुना नदी के तेज बहाव में संदिग्ध परिस्थितियों में डूब गया। प्रथम दृष्टया इसे हादसा बताया जा रहा है, लेकिन परिजनों के गंभीर आरोपों ने इस मामले को शक के घेरे में ला दिया है। जिस युवक के साथ छात्र घर से निकला था, उसकी गतिविधियां और देर तक चुप्पी पुलिस जांच को नई दिशा दे रही हैं।

CCTV फुटेज में दिखा आखिरी सफर

पुलिस जांच अधिकारी रोहित के अनुसार, छात्र के लापता होने की सूचना मिलते ही गांव के सरपंच ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई। फुटेज में छात्र गांव के ही एक युवक रोहित के साथ बुग्गी पर बैठकर यमुना की ओर जाता हुआ नजर आया। इसके बाद से छात्र का कोई पता नहीं चला।

युवक के बयान पर उठे सवाल

पुलिस पूछताछ में युवक रोहित ने दावा किया कि वह छात्र के साथ रेत लेने गया था और नहाते समय छात्र का पैर फिसल गया, जिससे वह नदी में डूब गया। हालांकि मामला तब संदिग्ध हो गया, जब सामने आया कि छात्र के डूबने के बाद युवक ने न तो पुलिस को सूचना दी और न ही परिजनों को बताया। इसके बजाय वह गांव लौट आया और देर रात तक छात्र को ढूंढने का नाटक करता रहा। बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे तक उसने यह बात छिपाए रखी कि छात्र यमुना में डूब चुका है।

‘मेरे बेटे को डुबोया गया है’—पिता का आरोप

लापता छात्र के पिता सुनील का कहना है कि उनका बेटा उसी युवक के साथ घर से निकला था और उन्हें आशंका है कि उनके बेटे को जानबूझकर नदी में डुबोया गया है। परिजनों ने निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

अब भी जारी है तलाश, जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल छात्र का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। यह हादसा था या साजिश, इसका जवाब यमुना की लहरों में अब भी छिपा हुआ है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और छात्र के मिलने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।