Sunday, March 1, 2026
मध्य प्रदेश

सिंगरौली का हैरान कर देने वाला मामला: पति जीवित, पत्नी ले रही विधवा पेंशन, पीड़ित दर-दर भटक रहा

जबलपुर। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। करसोसा गांव निवासी चंद्रबली पटेल (30) अपने जीवित रहने के बावजूद सरकारी दफ्तरों में तख्ती लेकर भटक रहे हैं, जिसमें लिखा है “मैं जिंदा हूं”, क्योंकि उनकी पत्नी अजोरिया पटेल वर्षों से उन्हें मृत बताकर विधवा पेंशन ले रही है। न्यायालय के आदेश पर वही पति अपनी पत्नी को हर माह पांच हजार रुपये गुजारा भत्ता भी दे रहा है।

अलगाव और विवाद की शुरुआत

शादी के कुछ समय बाद ही चंद्रबली और अजोरिया के बीच आपसी मतभेद शुरू हो गए थे। बढ़ते विवाद के कारण दोनों का अलगाव हो गया। इसके बाद चंद्रबली ने दूसरा विवाह कर लिया, जबकि पहली पत्नी अजोरिया पटेल ने वर्ष 2014 में दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

जेल की सजा और विधवा पेंशन का विवाद

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए चंद्रबली को जेल भेजा। इसके बावजूद अजोरिया पटेल अपने मायके स्थित पंचायत ग्राम जीर में खुद को विधवा बताकर पेंशन लेती रही। इस पेंशन का भुगतान उसके जीवित पति की जानकारी के बावजूद होता रहा।

दर-दर भटकते पति की गुहार

पीड़ित पति का कहना है कि उन्होंने कलेक्टर कार्यालय, एसडीएम कार्यालय और थाने तक शिकायत दर्ज कराई, लेकिन किसी भी स्तर पर सुनवाई नहीं हुई। मजबूर होकर चंद्रबली अब तख्ती लेकर सरकारी कार्यालयों में जिंदा होने का सबूत देने की कोशिश कर रहे हैं।

जिला प्रशासन ने की जांच के आदेश

जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया है और जनपद पंचायत बैढ़न के सीईओ से जांच प्रतिवेदन तलब किया है। सीईओ ने स्पष्ट किया कि जांच में शिकायत सही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।