Dehradun Police Transfer: DSP और उप निरीक्षकों की तैनाती में बड़े बदलाव, थानों की जिम्मेदारी बदली
देहरादून। देहरादून पुलिस विभाग में सोमवार देर रात बड़े स्तर पर तबादले किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस उपाधीक्षकों और उप निरीक्षकों की नई तैनाती के आदेश जारी किए। आदेशों के अनुसार कई सर्किलों और थानों की जिम्मेदारी बदली गई है।
DSP की नई तैनाती और जिम्मेदारियां
पुलिस उपाधीक्षक विवेक सिंह कुटियाल को क्षेत्राधिकारी प्रेमनगर का प्रभार सौंपा गया है। उनके अधीन थाना प्रेमनगर, थाना सेलाकुई, गोपनीय शाखा, एलआईयू और पीएसी शामिल होंगे। साथ ही अगली व्यवस्था तक उन्हें विकासनगर सर्किल के राजकाज का पर्यवेक्षण भी सौंपा गया है।
पुलिस उपाधीक्षक रीना राठौर को क्षेत्राधिकारी डोईवाला नियुक्त किया गया है। उनके अधीन कोतवाली डोईवाला, थाना रायपुर, शिकायत जांच प्रकोष्ठ, विशेष जांच प्रकोष्ठ, सीसीएम हेल्पलाइन, होमिसाइड सेल, महिला हेल्पलाइन और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090 शामिल हैं।
इसके अलावा, पुलिस उपाधीक्षक स्वनिल मुयाल को क्षेत्राधिकारी नगर, नीरज सेमवाल को क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश और जगदीश चंद्र पंत को क्षेत्राधिकारी यातायात बनाया गया है।
क्षेत्राधिकारी यातायात के अधीन इकाइयां
क्षेत्राधिकारी यातायात के अधीन यातायात, प्रधान लिपिक, भवन, ऑडिट, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल, स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट, ऑपरेशन स्माइल, ट्रैक मिसिंग चाइल्ड, हाईकोर्ट/सम्मन सेल, लोक सूचना और सीसीओआर/डीसीआरओ जैसी इकाइयां शामिल होंगी।
उप निरीक्षकों के भी किए स्थानांतरण
देहरादून जिले में 12 उप निरीक्षकों का भी तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण किया गया है। इसमें उप निरीक्षक कमल सिंह रावत, विकसित पंवार, कुलदीप शाह, दुर्गेश कोठियाल, अजय प्रकाश भट्ट, देवेंद्र पंवार समेत अन्य अधिकारियों को विभिन्न थानों और चौकियों पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एसपी ने दिए स्पष्ट निर्देश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों को आदेश दिया है कि स्थानांतरित अधिकारियों को तुरंत कार्यमुक्त किया जाए और उन्हें नवीन तैनाती स्थल पर तुरंत कार्यभार ग्रहण करने के लिए सुनिश्चित किया जाए।
