Himachal Weather Update: आज से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, बारिश-बर्फबारी के आसार; धर्मशाला में टूटा 3 साल का तापमान रिकॉर्ड
शिमला। हिमाचल प्रदेश में बीते कई दिनों से मौसम के साफ बने रहने के कारण दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसी कड़ी में धर्मशाला में फरवरी महीने का अब तक का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया है। रविवार को यहां अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो बीते तीन वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ने वाला रहा।
आंकड़ों के मुताबिक, इससे पहले 18 फरवरी 2023 को धर्मशाला में अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं 16 फरवरी 2024 को फरवरी माह का अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री और वर्ष 2025 में 21 डिग्री सेल्सियस रहा था। मौजूदा समय में प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन तीन डिग्री तक का अंतर देखा जा रहा है।
कहीं तापमान गिरा तो कहीं बढ़ा पारा
प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया है। कल्पा और ताबो में अधिकतम तापमान में 3.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जबकि मनाली में तापमान 3.4 डिग्री तक बढ़ गया। प्रदेश के दस स्थानों पर न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया है।
आज से बदलेगा मौसम, 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका सबसे अधिक असर 10 फरवरी को देखने को मिलेगा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
निचले इलाकों में हल्की बारिश के आसार
पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश के निचले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर आंधी के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। हालांकि 11 फरवरी से एक बार फिर मौसम के साफ रहने का अनुमान लगाया गया है।
रविवार को साफ रहा मौसम, कई इलाकों में कोहरा और तेज हवा
रविवार को प्रदेश भर में मौसम साफ बना रहा। मंडी में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जहां दृश्यता लगभग 100 मीटर तक सीमित रही। ताबो में 39 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।
कुकुमसेरी में सबसे ठंडा, ऊना में सबसे गर्म
प्रदेश में न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में माइनस 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान में भी पांच डिग्री तक का अंतर देखने को मिला है। भरमौर में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री और पालमपुर में दो डिग्री बढ़ा, जबकि देहरा गोपीपुर में इसमें दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
शिमला में न्यूनतम 5.6 और अधिकतम 17.5 डिग्री, सुंदरनगर में 3.8 और 24.0 डिग्री, भुंतर में 2.7 और 22.3 डिग्री, कल्पा में माइनस 1.0 और 8.4 डिग्री, धर्मशाला में 5.1 और 22.0 डिग्री, ऊना में 6.6 और 26.7 डिग्री, नाहन में 9.3 और 22.0 डिग्री, ताबो में माइनस 10.6 और 0.2 डिग्री तथा सोलन में 3.0 और 20.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
