Monday, March 2, 2026
राजस्थान

उदयपुर में अवैध संबंध के शक में खूनी वारदात, पड़ोसी युवक की हत्या कर खाई में फेंका शव, दो दिन बाद आरोपी ने किया सरेंडर

उदयपुर। राजस्थान के डूंगरपुर जिले में अवैध संबंध के शक ने एक युवक की जान ले ली। सागवाड़ा थाना क्षेत्र के कोकापुर गांव में पड़ोसी युवक ने भाभी से अवैध संबंध होने के संदेह में युवक की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को सड़क किनारे खाई में फेंक दिया। सनसनीखेज वारदात के दो दिन बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और हत्या की बात कबूल करते हुए सरेंडर कर दिया।

थाने पहुंचकर खुद बताया जुर्म, पुलिस भी रह गई हैरान

सागवाड़ा थाना प्रभारी मनीष खोईवाल ने बताया कि रविवार सुबह कोकापुर निवासी दिनेश पाटीदार अचानक थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने अपने पड़ोसी तिलेश पाटीदार की हत्या कर दी है। आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि वारदात के बाद उसने शव को काली घाटी क्षेत्र में सड़क किनारे खाई में फेंक दिया था।

भाभी से अवैध संबंध के शक में रची हत्या की साजिश

पुलिस पूछताछ में आरोपी दिनेश पाटीदार ने बताया कि उसे संदेह था कि तिलेश पाटीदार और उसकी भाभी के बीच अवैध संबंध हैं। इसी बात को लेकर वह काफी समय से नाराज चल रहा था। इसी शक और गुस्से में आकर 6 फरवरी को उसने तिलेश की हत्या कर दी।

खाई से बरामद हुआ शव, एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत

आरोपी के बयान के बाद पुलिस टीम तुरंत काली घाटी पहुंची, जहां सड़क किनारे खाई से शव बरामद किया गया। शव की पहचान तिलेश पाटीदार के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, जांच में जुटी पुलिस

शव को कब्जे में लेकर सागवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस आरोपी को डिटेन कर हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।