दिल्ली

दिल्ली में सरकार का मेगा रिपोर्ट कार्ड प्लान, हर लोकसभा सीट पर CM रेखा गुप्ता की रैली, एक साल की उपलब्धियों का व्यापक प्रचार

नई दिल्ली। दिल्ली की भाजपा सरकार अपने एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को सीधे जनता तक पहुंचाने के लिए बड़े पैमाने पर कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू करने जा रही है। इसकी औपचारिक शुरुआत रविवार को 500 इलेक्ट्रिक बसों को सड़कों पर उतारने के साथ हो चुकी है। आने वाले दिनों में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, परिवहन, पर्यटन और शिक्षा जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जुड़े कई अहम कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 21 फरवरी को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सरकार का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने प्रस्तुत करेंगी।

हर दिन होंगे विभागीय कार्यक्रम, योजनाओं का होगा उद्घाटन

सरकार की ओर से तय कार्यक्रमों के तहत अलग-अलग विभाग प्रतिदिन अपने-अपने क्षेत्र की योजनाओं और सेवाओं की शुरुआत करेंगे। सोमवार को गोविंद बल्लभ पंत स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 256 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन, नई कैथ लैब और अत्याधुनिक न्यूरो आईसीयू का उद्घाटन करेंगी। इसके बाद भी विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।

लाडली योजना कार्यक्रम में शामिल होंगे गृह मंत्री अमित शाह

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 19 फरवरी को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान लाडली योजना की लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में सीधे राशि हस्तांतरित की जाएगी। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी भी तय है, जिसे सरकार की उपलब्धियों के प्रचार का बड़ा मंच माना जा रहा है।

भाजपा विधायकों को मिला जमीनी प्रचार का जिम्मा

सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को भाजपा विधायकों के साथ बैठक की। बैठक में विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। सभी विधायक अपने क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

सातों लोकसभा क्षेत्रों में CM की रैली, जनता से सीधा संवाद

सरकार की उपलब्धियों को बड़े स्तर पर प्रचारित करने के लिए 19 फरवरी से 2 मार्च के बीच दिल्ली के सभी सात लोकसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की रैलियां आयोजित की जाएंगी। इन रैलियों के जरिए सरकार बीते एक साल के कामकाज और भविष्य की योजनाओं को जनता के सामने रखेगी।

इन नई सेवाओं और योजनाओं की होगी शुरुआत

महिलाओं के लिए बसों में निश्शुल्क यात्रा को आसान बनाने के लिए ‘पिंक सहेली’ नाम से स्मार्ट कार्ड लॉन्च किया जाएगा।
राशन कार्ड धारक परिवारों को होली और दीपावली के अवसर पर निश्शुल्क गैस सिलेंडर देने की योजना की शुरुआत होगी।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यमुना नदी में सोनिया विहार से जगतपुर के बीच क्रूज सेवा और विशेष पर्यटक बस सेवा शुरू की जाएगी।
राज्यभर में एक सौ से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया जाएगा।
शिक्षा के क्षेत्र में सीएम श्री स्कूलों की शुरुआत की जाएगी।