रायबरेली में रफ्तार का कहर, निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर बेकाबू कार ने सात युवतियों को कुचला, तीन की दर्दनाक मौत
रायबरेली जिले में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। जगतपुर थाना क्षेत्र के चूली गांव के पास निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने पैदल जा रही सात युवतियों और किशोरियों को रौंद दिया। इस भीषण हादसे में तीन युवतियों की मौके पर या इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।
भंडारे से लौटते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, कोडर गांव निवासी शालिनी (20) पुत्री जंगबहादुर अपनी बहन साधना (15) के साथ भदोखर थाना क्षेत्र के अलीगंज की हिमांशी (22) पुत्री दल बहादुर, रश्मि (15) पुत्री रामरतन, आसमां (18) समेत कुल सात युवतियों के साथ चूली गांव में आयोजित भंडारे में शामिल होने गई थीं। भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के बाद सभी युवतियां निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे से पैदल ही अपने-अपने घर लौट रही थीं।
तेज रफ्तार कार ने एक के बाद एक सभी को लिया चपेट में
इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार से आ रही एक कार अनियंत्रित हो गई और उसने सड़क किनारे पैदल चल रही सभी युवतियों को एक के बाद एक चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, वहीं कार भी हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
अस्पताल में तीन युवतियों की मौत, चार की हालत गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगतपुर भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने शालिनी और हिमांशी को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर आसमां ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
परिजनों में मचा कोहराम, इलाके में शोक की लहर
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक युवतियों के परिजनों में कोहराम मच गया। एक साथ तीन बेटियों की मौत से गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोग हादसे को लेकर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं।
