Bihar Weather Update: पछुआ हवा से बढ़ी ठिठुरन, बिहार में तापमान 3 डिग्री तक गिरने के आसार
पटना। बिहार में पछुआ हवा के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है। राज्य के कई हिस्सों में कोहरे के साथ सुबह और शाम हल्की ठंड का प्रभाव बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। बदलते मौसम के बीच पटना सहित राज्य के 14 जिलों के अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखी गई है।
14 जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज
मौसम में आए बदलाव के चलते राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गोपालगंज में 28.8 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश और बिहार के ऊपर प्रति चक्रवातीय प्रभाव बनने की संभावना है, जिसके चलते पछुआ हवा की रफ्तार बढ़ेगी और तापमान में और गिरावट आ सकती है।
तेज हवा और आंशिक बादलों का रहेगा असर
अगले दो दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। उत्तरी बिहार के कुछ इलाकों में घने कोहरे का प्रभाव बना रहेगा, जबकि पटना और आसपास के क्षेत्रों में पछुआ हवा के कारण सुबह-शाम ठंडक महसूस की जाएगी।
किशनगंज में सबसे कम न्यूनतम तापमान
राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान किशनगंज में 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। कई जिलों में न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
कोहरे से दृश्यता घटी, वाल्मीकि नगर में सबसे कम
कोहरे के असर से दृश्यता भी प्रभावित हुई है। वाल्मीकि नगर में सबसे कम 500 मीटर दृश्यता दर्ज की गई, जिससे सुबह के समय आवाजाही में सतर्कता बरतने की जरूरत है।
