10 फरवरी को बाराबंकी में श्रीरामार्चन महायज्ञ में शामिल होंगे मुख्यमंत्री योगी, प्रशासन ने कसी कमर
बाराबंकी। जिले के श्री राम जानकी मंदिर बजरंग व्यायामशाला में आयोजित होने वाले दशम श्री हनुमंत विराट महायज्ञ को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 10 फरवरी को यहां आयोजित श्रीरामार्चन महायज्ञ में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट मोड में है।
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले अफसरों ने डाला डेरा
नौ फरवरी से शुरू हो रहे इस भव्य धार्मिक आयोजन से पहले जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुधन समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों की टीम ने दो घंटे से अधिक समय तक मौके पर रहकर तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।
सुरक्षा से लेकर सुविधाओं तक हर व्यवस्था पर फोकस
निरीक्षण के दौरान हेलीपैड स्थल, मंच की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, यातायात नियंत्रण, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा और साफ-सफाई सहित सभी अहम बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय से पूरी हों और आपसी समन्वय के साथ कार्य किया जाए, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
युद्धस्तर पर चल रही प्रशासनिक तैयारियां
प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री के आगमन और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। कार्यक्रम को सुरक्षित, सुचारु और भव्य रूप देने के लिए प्रशासन युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है।
नौ से 18 फरवरी तक चलेगा धार्मिक व सामाजिक महोत्सव
दुल्हादेपुर कुटी के महंत बलराम दास ने बताया कि यह धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन वर्ष 2017 से लगातार आयोजित किया जा रहा है। नौ फरवरी से 18 फरवरी तक चलने वाले इस महोत्सव की शुरुआत अखंड श्रीराम नाम संकीर्तन से होगी।
रामलीला, कलश यात्रा से लेकर शिविरों तक होंगे आयोजन
10 फरवरी को श्रीरामार्चन पूजन के साथ प्रतिदिन सायं छह बजे से रात्रि 10 बजे तक श्रीराम लीला का मंचन किया जाएगा। 11 फरवरी को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। 12 फरवरी को मंडप प्रवेश, वेदी पूजन, कन्या पूजन एवं निश्शुल्क नेत्र शिविर का आयोजन होगा। 13 फरवरी को चिकित्सा शिविर और 14 फरवरी को वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह के साथ वस्त्र वितरण कार्यक्रम प्रस्तावित है।
महाशिवरात्रि पर महारुद्राभिषेक, सामूहिक विवाह के साथ समापन
15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर सामूहिक महारुद्राभिषेक किया जाएगा। 17 फरवरी को पूर्णाहुति संपन्न होगी, जबकि 18 फरवरी को सामूहिक कन्या विवाह और महाप्रसाद ग्रहण के साथ इस विराट आयोजन का समापन होगा।
