शादी के सिर्फ 2 महीने बाद दिल दहला देने वाला कत्ल! पति ने भाई और भतीजी संग रची थी साजिश, कसौली हत्याकांड से उठा पर्दा
सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसौली क्षेत्र में नवविवाहिता की मौत की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है। कुठाड़ के पास शनोगी गांव में हुई इस घटना को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई थी, लेकिन कसौली पुलिस की गहन जांच ने पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने पति के बाद अब उसके भाई और भतीजी को भी हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
31 जनवरी की रात बना कत्ल की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि मलेरा के शनौगी गांव निवासी चत्तर सिंह और सुमन की शादी महज दो महीने पहले, 23 नवंबर 2025 को हुई थी। कुछ दिन मायके में रहने को लेकर पति-पत्नी के बीच तनाव चल रहा था। 31 जनवरी की रात इसी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर चत्तर सिंह ने सुमन का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
आत्महत्या दिखाने के लिए रची गई खौफनाक साजिश
हत्या के बाद खुद को बचाने के लिए आरोपी पति ने अपने भाई नरेंद्र सिंह (45) और भतीजी निकिता (19) के साथ मिलकर एक सोची-समझी साजिश रची। पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने घटनास्थल पर फर्जी सबूत तैयार किए और मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
फिल्मी अंदाज में गढ़े गए झूठे सबूत
जांच में सामने आया कि चत्तर सिंह ने सुमन के शव पर कैंची से वार किए ताकि यह आत्महत्या या आपसी झगड़े का मामला लगे। इसके अलावा उसने खुद के माथे और गले पर चाकू से खरोंचें बनाईं और अपनी भतीजी निकिता के गाल पर भी जानबूझकर कट लगाया। इसके बाद सुमन के परिजनों को फोन कर बताया गया कि वह मानसिक रूप से असंतुलित हो गई है और हमला कर रही है।
दरवाजा तोड़ने की कहानी भी निकली झूठी
आरोपियों ने दावा किया कि सुमन ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था और दरवाजा तोड़कर अंदर जाना पड़ा। हालांकि, फॉरेंसिक जांच में दरवाजे पर जबरन तोड़फोड़ या प्रवेश के कोई निशान नहीं मिले, जिससे उनकी कहानी पूरी तरह झूठी साबित हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली पूरी सच्चाई
आईजीएमसी शिमला में हुए पोस्टमार्टम में साफ हो गया कि सुमन की मौत गला घोंटने से हुई थी। शरीर पर धारदार हथियार के निशान मौत के बाद बनाए गए थे। वहीं, 1 फरवरी को हुए मेडिकल परीक्षण में यह भी पुष्टि हुई कि चत्तर सिंह और निकिता के शरीर पर मौजूद चोटें खुद से लगाई गई थीं।
भाई और भतीजी भी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
कसौली पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट और सख्त पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया। पहले पति चत्तर सिंह (38) को गिरफ्तार किया गया था। अब 5 फरवरी को उसके भाई नरेंद्र सिंह और भतीजी निकिता को भी हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
