Monday, March 2, 2026
पंजाब

बठिंडा में दिनदहाड़े गोलियों की गूंज, घर में घुसकर निहंगों की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में कार क्षतिग्रस्त

बठिंडा जिले के बठिंडा-डबवाली मुख्य मार्ग पर स्थित गांव गुरुसर सैणेवाला की एक ढाणी में उस समय सनसनी फैल गई, जब हथियारबंद निहंगों ने एक घर में घुसकर फायरिंग कर दी। घटना के दौरान दूसरे पक्ष की ओर से भी गोलियां चलाई गईं। गनीमत रही कि इस गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ, हालांकि एक कार को गोली लगने से नुकसान पहुंचा है।

घर में घुसकर फायरिंग का आरोप, 12 हथियारबंद लोगों का दावा

पुलिस थाना संगत के प्रभारी सुखविंदर सिंह बराड़ के अनुसार, ढाणी के मालिक निर्मल सिंह टीटू ने शिकायत दर्ज कराई है कि दो कारों में सवार करीब 12 हथियारबंद लोग उनके घर में जबरन घुसे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। शिकायत में कहा गया है कि हमलावर निहंगों के वेश में थे। निर्मल सिंह के मुताबिक, उन्होंने और उनके परिवार ने अपनी जान बचाने के लिए आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

दूसरा पक्ष भी आया सामने, गाड़ी विवाद को लेकर अलग कहानी

इस मामले में पुलिस के सामने दूसरा पक्ष भी सामने आया है। श्री मुक्तसर साहिब निवासी चरणजीत कौर ने थाना संगत में दी शिकायत में आरोप लगाया है कि निर्मल सिंह टीटू ने उनके भाई की थार गाड़ी जबरन अपने घर खड़ी कर रखी है। चरणजीत कौर के अनुसार, वह निहंग जत्थेबंदी तरना दल के कुछ सदस्यों के साथ गाड़ी वापस लेने के लिए बातचीत करने निर्मल के घर पहुंची थीं।

कार पर लगी गोली, दोनों पक्षों पर दर्ज हुए क्रॉस केस

चरणजीत कौर का आरोप है कि बातचीत के दौरान निर्मल सिंह ने फायरिंग की, जिसकी गोली उनकी कार में जा लगी। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। निर्मल सिंह की शिकायत पर चरणजीत कौर, उनकी मां मनजीत कौर निवासी कीरत नगर, श्री मुक्तसर साहिब और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, चरणजीत कौर की शिकायत पर निर्मल सिंह के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।