Monday, March 2, 2026
उत्तराखंड

कल उत्तराखंड पहुंचेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ, पैतृक गांव में करेंगे रात्रि विश्राम; धार्मिक-शैक्षणिक कार्यक्रमों में होंगे शामिल

यमकेश्वर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ छह फरवरी को उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह अपने पैतृक गांव पंचूर, यमकेश्वर पहुंचेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पौड़ी जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है, हालांकि अब तक मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम आधिकारिक रूप से प्रशासन को प्राप्त नहीं हुआ है।

हरिद्वार से होगी दिन की शुरुआत
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार में चल रहे धार्मिक आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का छह जनवरी को कार्यक्रम प्रस्तावित है। बताया जा रहा है कि वह सुबह हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, इसके बाद दोपहर बाद अपने पैतृक गांव पंचूर के लिए रवाना होंगे।

शैक्षणिक संस्थानों के उद्घाटन की संभावना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के यमकेश्वर पहुंचने पर चमकोटखाल इंटर कॉलेज के नवनिर्मित भवन और यमकेश्वर इंटर कॉलेज भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा वह क्षेत्र में कुछ अन्य धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में भी सहभागिता कर सकते हैं।

पैतृक आवास पर रात्रि विश्राम, प्रशासन अलर्ट
सीएम योगी का रात्रि विश्राम पंचूर स्थित पैतृक आवास पर प्रस्तावित है। उनके दौरे को देखते हुए स्थानीय प्रशासन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है। एसडीएम चतर सिंह चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित है और तैयारियां की जा रही हैं, हालांकि औपचारिक कार्यक्रम अभी तक प्रशासन को प्राप्त नहीं हुआ है।