ऑस्ट्रेलिया में दर्दनाक हादसा: नदी में डूबने से हरियाणा और पंजाब के दो युवकों की मौत, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
करनाल। ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है, जहां हरियाणा के करनाल निवासी साहिल बत्रा और पंजाब के रहने वाले उसके दोस्त सचिन की नदी में डूबने से मौत हो गई। दोनों युवक लंबे वीकेंड पर अपने-अपने जीवनसाथी के साथ घूमने निकले थे, लेकिन यह यात्रा उनके परिवारों के लिए कभी न भरने वाला जख्म बन गई।
लंबे वीकेंड की यात्रा बनी आखिरी सफर
जानकारी के मुताबिक, साहिल अपनी पत्नी साक्षी और सचिन अपनी मंगेतर के साथ न्यू साउथ वेल्स के मिड नॉर्थ कोस्ट इलाके में घूमने पहुंचे थे। 25 जनवरी की शाम करीब 6.45 बजे दोनों युवक ग्लेनिफर इलाके में स्थित नेवर नदी में नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान अचानक नदी का बहाव तेज हो गया और दोनों पानी में बहते चले गए।
रेस्क्यू के बावजूद नहीं बच सकी जान
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत रेस्क्यू टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर फैलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
गर्भवती पत्नी की हालत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
इस दर्दनाक हादसे का असर सचिन के परिवार पर और गहरा पड़ा है। बताया गया है कि सचिन की पत्नी सात महीने की गर्भवती है। पति की मौत की खबर मिलते ही उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
2022 में ऑस्ट्रेलिया गए थे साहिल-साक्षी
साहिल बत्रा और उनकी पत्नी साक्षी साल 2022 में ऑस्ट्रेलिया शिफ्ट हुए थे। दोनों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी मौजूद हैं। परिजनों के अनुसार, साहिल और सचिन दोनों ही अपने-अपने परिवारों के इकलौते बेटे थे, जिससे इस हादसे ने दो परिवारों की दुनिया उजाड़ दी है।
‘नो डाइविंग’ बोर्ड के बावजूद उतरे थे नदी में
मौके पर मौजूद सुनीता नामक महिला ने बताया कि नदी के किनारे ‘नो डाइविंग’ का बोर्ड लगा हुआ था। दोनों युवकों ने इसे देखा भी था, लेकिन उन्होंने यह मान लिया कि नदी का पानी उथला है। अचानक आए तेज बहाव ने हालात पलट दिए और दोनों युवक डूब गए। बताया जा रहा है कि साहिल और सचिन दोनों को तैरना आता था, फिर भी वे खुद को बचा नहीं सके।
