Monday, March 2, 2026
उत्तर प्रदेश

गौतमबुद्ध नगर में 108 एम्बुलेंस की बड़ी कामयाबी, दो अलग-अलग घटनाओं में बचीं तीन जिंदगियां

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 108 एम्बुलेंस सेवा एक बार फिर आपात स्थिति में जीवन रक्षक बनकर सामने आई है। गौतमबुद्ध नगर जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई दो घटनाओं में कहीं समय पर इलाज से एक महिला की जान बची तो कहीं रास्ते में ही सुरक्षित प्रसव कराकर नवजात को नया जीवन दिया गया। इन घटनाओं ने साबित कर दिया कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में 108 एम्बुलेंस की भूमिका कितनी अहम है।

हमले की शिकार महिला के लिए बनी संजीवनी

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में रहने वाली 33 वर्षीय महिला सोमवार को शारीरिक हमले के बाद गंभीर हालत में पहुंच गई। परिजनों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा को कॉल किया। सूचना मिलते ही UP32 EG 4783 नंबर की एम्बुलेंस बिना किसी देरी के मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस में तैनात EMT सतेंद्र कुमार ने प्राथमिक उपचार देते हुए महिला को सुरक्षित रबूपुरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां ERCP डॉक्टर प्रेमचंद्र ने तत्काल उपचार शुरू किया और डायक्लोफेनाक इंजेक्शन दिया गया। समय पर चिकित्सा सहायता और निरंतर निगरानी से महिला की जान बचाई जा सकी।

रास्ते में गूंजी किलकारी, एम्बुलेंस में हुआ सुरक्षित प्रसव

दूसरी घटना गौतमबुद्ध नगर के हैबतपुर, बिसरख क्षेत्र की है। यहां 21 वर्षीय अंजली पत्नी प्रशांत कुमार को अचानक प्रसव पीड़ा होने पर 108 एम्बुलेंस बुलाई गई। महिला को अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में प्रसव पीड़ा तेज हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एम्बुलेंस में मौजूद इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन जगपाल, पायलट विकास और परिजनों की मदद से तुरंत एम्बुलेंस रोककर सुरक्षित प्रसव कराया गया। अंजली ने एम्बुलेंस में ही एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। इसके बाद मां और नवजात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसरख में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की हालत पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।

108 एम्बुलेंस सेवा की सराहना

इन दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों और स्वास्थ्य विभाग ने 108 एम्बुलेंस सेवा की तत्परता और प्रशिक्षित स्टाफ की जमकर सराहना की। जिला एम्बुलेंस प्रभारी सत्यवीर सिंह ने त्वरित रिस्पॉन्स और टीम वर्क की प्रशंसा की। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि एम्बुलेंस स्टाफ पहले भी ऐसे कई सफल प्रसव और आपातकालीन मामलों को संभाल चुका है। उत्कृष्ट कार्य के लिए ऑपरेशन हेड रोचक चौहान, जिला प्रोग्राम मैनेजर शेखर और EMT सतवीर ने एम्बुलेंस कर्मियों को सम्मानित किए जाने की बात कही है।