Monday, March 2, 2026
उत्तर प्रदेश

UP Weather Today: लखनऊ में 7 मिमी बारिश से बदला मिजाज, प्रदेश में फिर लौटे कोहरा और ठंड

लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला हुआ नजर आ रहा है। जनवरी के आखिरी सप्ताह से अब तक प्रदेश पर तीन पश्चिमी विक्षोभ का असर देखा जा चुका है, जिसकी वजह से कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। मंगलवार को सुबह घने कोहरे के बाद जैसे ही दृश्यता सुधरी, आसमान में काले बादल छा गए और दिन में ही रात जैसा नजारा देखने को मिला। लखनऊ में हल्की से मध्यम बारिश हुई और करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार से मौसम में एक बार फिर बदलाव आएगा।

मौसम विभाग का क्या है ताजा अपडेट

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है। लखनऊ में सुबह के समय कोहरे का असर बना रह सकता है। आगरा, बुलंदशहर, कानपुर, गाजियाबाद और नोएडा जैसे शहरों में भी कोहरे की स्थिति देखने को मिल रही है। लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र, अमौस के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को राजधानी में 7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद बुधवार से प्रदेश में मौसम शुष्क होने लगेगा।

पछुआ हवाओं से बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार से प्रदेश में हवाओं की दिशा बदलकर पछुआ हो जाएगी। इसके चलते अगले तीन दिनों में रात के तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जबकि दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। 6, 7 और 8 फरवरी को 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चलने की संभावना है। इससे दिन में हल्की गर्माहट के बावजूद ठंड का असर बना रहेगा।

फिर दिखेगा कोहरा, आगे बारिश के संकेत

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक 4 और 5 फरवरी को लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में एक बार फिर कोहरा छा सकता है। इसके साथ ही 8 फरवरी के बाद एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। यह सिस्टम पश्चिमी उत्तर प्रदेश को प्रभावित कर सकता है, जहां बारिश के आसार बन रहे हैं।

तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

बारिश के बाद राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री के आसपास रहा। मौसम साफ होने और धूप निकलने पर अधिकतम तापमान के एक बार फिर 25 डिग्री सेल्सियस के पार जाने का अनुमान है, जबकि पछुआ हवाओं के असर से न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।